निर्वाचन आयोग ने चुनाव की घोषणा के एक दिन बाद असम के पांच जिलों के एसएसपी का तबादला किया

निर्वाचन आयोग ने चुनाव की घोषणा के एक दिन बाद असम के पांच जिलों के एसएसपी का तबादला किया

निर्वाचन आयोग ने चुनाव की घोषणा के एक दिन बाद असम के पांच जिलों के एसएसपी का तबादला किया
Modified Date: March 16, 2026 / 09:16 pm IST
Published Date: March 16, 2026 9:16 pm IST

गुवाहाटी, 16 मार्च (भाषा) विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के एक दिन बाद, निर्वाचन आयोग ने सोमवार को असम के पांच जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) का तबादला कर दिया।

एक आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया कि माजुली, दक्षिण सालमारा, सादिया, चिरांग और धेमाजी जिलों के एसएसपी का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है।

अधिसूचना के मुताबिक माजुली के एसएसपी हारेन टोकबी की जगह सोमलिन शुभदर्शिनी को नियुक्त किया गया, जबकि दक्षिण सालमारा के मृणाल कुमार डेका की जगह आर. शीतल कुमार को तैनात किया गया।

अधिसूचना के अनुसार सादिया के एसएसपी जगदीश दास की जगह अंचल चौहान, चिरांग के ध्रुव बोरा की जगह सुधाकर सिंह और धेमाजी के स्वप्ननील डेका की जगह मोहन लाल मीणा को नियुक्त किया गया।

निर्वाचन आयोग के सचिव राजीव रंजन ने असम के मुख्य सचिव रवि कोटा को लिखे पत्र में कहा कि विधानसभा चुनाव के संबंध में तैयारियों की समीक्षा के बाद आयोग ने यह निर्णय लिया है।

पत्र में कहा गया कि आयोग के निर्देशों को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए और अपने नए पदों पर कार्यभार ग्रहण करने वाले अधिकारियों के संबंध में अनुपालन रिपोर्ट मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे तक भेजी जानी चाहिए।

पत्र में कहा गया है कि स्थानांतरित किए गए अधिकारियों को चुनाव समाप्त होने तक किसी भी चुनाव संबंधी पद पर तैनात नहीं किया जाएगा।

स्थानांतरित किए गए सभी पांच एसएसपी असम पुलिस सेवा (एपीएस) के अधिकारी थे और उनके स्थान पर भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारियों को नियुक्त किया गया है।

शुभदर्शनी 1991 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं, जबकि कुमार और चौहान 2020 बैच के अधिकारी हैं। सिंह 2013 बैच के और मीणा 2016 बैच के अधिकारी हैं।

राज्य में 126 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव नौ अप्रैल को होने वाले हैं।

भाषा आशीष राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में