जयपुर, 22 मई (भाषा) राजस्थान से राज्यसभा की तीन सीटों के लिए चुनाव 18 जून को होगा। इस राज्य से तीन राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है जिसके मद्देनजर यह द्विवार्षिक चुनाव करवाया जाएगा।
राजस्थान से राज्यसभा में सदस्य कांग्रेस के नीरज डांगी और भारतीय जनता पार्टी के राजेंद्र गहलोत तथा रवनीत सिंह का कार्यकाल 21 जून को समाप्त होगा।
भारत निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को इस चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया। इसके अनुसार चुनाव के लिए अधिसूचना एक जून को जारी की जाएगी, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि आठ जून है। नामांकन पत्रों की जांच नौ जून को होगी और उम्मीदवार 11 जून तक अपने नामांकन वापस ले सकेंगे।
जरूरी होने पर मतदान 18 जून को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा जबकि वोटों की गिनती उसी दिन शाम पांच बजे शुरू होगी। चुनाव प्रक्रिया 20 जून तक पूरी हो जाएगी।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान में राज्यसभा की कुल 10 सीटें हैं। फिलहाल इनमें भाजपा और कांग्रेस के पांच-पांच सदस्य हैं।
राज्य की 200 सदस्यों वाली विधानसभा में पार्टियों की मौजूदा स्थिति को देखते हुए भाजपा के उक्त तीन में से दो सीटें जीतने की उम्मीद है।
राज्य विधानसभा में भाजपा के 118 विधायक हैं तथा कांग्रेस के 67 सदस्य हैं। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी के दो विधायक, भारत आदिवासी पार्टी के चार विधायक, राष्ट्रीय लोक दल का एक विधायक है। आठ सीटों पर निर्दलीय विधायक हैं।
भाषा पृथ्वी
मनीषा
मनीषा