पानीपत तेलशोधक कारखाना के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, सुरक्षाकर्मियों पर पथराव

पानीपत तेलशोधक कारखाना के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, सुरक्षाकर्मियों पर पथराव

पानीपत तेलशोधक कारखाना के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, सुरक्षाकर्मियों पर पथराव
Modified Date: February 23, 2026 / 06:31 pm IST
Published Date: February 23, 2026 6:31 pm IST

चंडीगढ़, 23 फरवरी (भाषा) हरियाणा के पानीपत स्थित तेल शोधक कारखाना के कर्मचारियों ने सोमवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और इस दौरान सुरक्षाकर्मियों पर कथित पथराव किया तथा वाहनों को नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना उस समय हुयी जब प्रदर्शनकारी श्रमिक आठ घंटे की निश्चित ड्यूटी, कार्यस्थल के पास शौचालय और पानी सहित बुनियादी सुविधाएं समेत विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।

उन्होंने बताया लेकिन जब तेलशोधक कारखाने में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने प्रदर्शनकारियों से अपना आंदोलन शांतिपूर्ण रखने और एक निर्धारित क्षेत्र में रहने के लिए कहा, तो कुछ श्रमिकों ने इसका विरोध किया और कथित तौर पर पथराव कर दिया।

पुलिस के मुताबिक प्रदर्शन कर रहे कुछ श्रमिकों के हाथों में लाठियां थीं और उन्होंने मौके पर मौजूद दो गाड़ियों को पलट दिया और उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। घटनास्थल पर तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न होने के बाद पुलिस को बुलाया गया।

पानीपत शहर के पुलिस उपाधीक्षक राजबीर सिंह ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। मजदूर अपने ठेकेदार के समक्ष रखी गई मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे थे।

एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि श्रमिकों द्वारा विरोध प्रदर्शन करने की सूचना मिलते ही पुलिस बल को तुरंत मौके पर भेजा गया।

बाद में, श्रमिकों के प्रतिनिधियों और कारखाने के अधिकारियों के बीच एक बैठक हुई।

पुलिस ने बताया कि पानीपत के पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने भी स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल का दौरा किया।

भाषा धीरज मनीषा रंजन

रंजन


लेखक के बारे में