‘इंडिया’ गठबंधन का अंत: भाजपा ने तमिलनाडु में कांग्रेस-द्रमुक में दरार पर कहा

Ads

‘इंडिया’ गठबंधन का अंत: भाजपा ने तमिलनाडु में कांग्रेस-द्रमुक में दरार पर कहा

  •  
  • Publish Date - May 6, 2026 / 01:51 PM IST,
    Updated On - May 6, 2026 / 01:51 PM IST

नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) को तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए समर्थन देने और अपने दीर्घकालिक सहयोगी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) से अलग होने के लिए बुधवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि उसका अपने सहयोगियों को ‘धोखा देने’ का इतिहास रहा है।

भाजपा ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर भी हमला करते हुए दावा किया कि गठबंधन ‘ताश के पत्तों की तरह धराशाही हो रहा है’ और इसमें कोई साझा विचारधारा या दृष्टिकोण नहीं है।

सूत्रों के अनुसार, तमिलनाडु कांग्रेस ने राज्य में धर्मनिरपेक्ष सरकार बनाने के लिए टीवीके नेता विजय को समर्थन देने का फैसला किया है।

कांग्रेस की तमिलनाडु इकाई की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) की मंगलवार देर रात हुई एक आपात बैठक में टीवीके को समर्थन देने का निर्णय लिया गया।

इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने दावा किया कि चार मई को विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद ‘इंडिया’ गठबंधन प्रभावी रूप से समाप्त हो गया है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘शायद ही कोई ऐसा हो जिसे कांग्रेस ने धोखा न दिया हो। सोचिए, अगर उन्होंने द्रमुक के साथ ऐसा किया है तो समाजवादी पार्टी के साथ क्या करेंगे।’’

पूनावाला ने इसे विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का ‘अंत’ बताते हुए, एक वीडियो पोस्ट में कहा, ‘‘यह द्रमुक, तृणमूल कांग्रेस और वामपंथियों से मुक्त भारत बन गया है, और अब कांग्रेस ने द्रमुक को छोड़कर टीवीके का साथ दे दिया है।’’

भाजपा के प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि विपक्षी गठबंधन का गठन पूरी तरह से राजनीतिक मजबूरियों और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं के कारण हुआ है।

उन्होंने कहा, ‘‘ ‘इंडी’ गठबंधन के पास कभी कोई नजर और नजरिया नहीं था। यह सिर्फ सत्ता की महत्वाकांक्षा, भ्रष्टाचार, कमीशन और मोदी जी के खिलाफ भावना के कारण एक साथ आया था। लेकिन अब यह ताश के पत्तों की तरह बिखर रहा है।’’

विपक्षी दलों की एकता पर सवाल उठाते हुए पूनावाला ने कहा कि चुनाव के दौरान कई राज्यों में गठबंधन दिखाई ही नहीं दिया।

उन्होंने कहा, ‘बंगाल, केरल, गुजरात, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, कर्नाटक में ‘इंडी’ गठबंधन कहां था? कोई इंडी गठबंधन नहीं है।’

तमिलनाडु में विजय की टीवीके को सरकार बनाने के लिए कांग्रेस की ओर से समर्थन दिए जाने की खबरों के बाद, द्रमुक ने बुधवार को अपने पुराने सहयोगी दल पर तीखा हमला बोला और इस कदम को ‘‘पीठ में छुरा घोंपने’’ के बराबर बताया।

द्रमुक प्रवक्ता सर्वानन अन्नादुरई ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘कांग्रेस ने टीवीके को समर्थन देते हुए गठबंधन का फैसला कर लिया है। मेरे विचार में उन्होंने तमिलनाडु की जनता की पीठ में और जनता के जनादेश की पीठ में छुरा घोंपा है।’’

भाषा शोभना वैभव

वैभव