राजस्थान: ट्रेनों में 1361 लोग बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए

Ads

राजस्थान: ट्रेनों में 1361 लोग बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए

  •  
  • Publish Date - August 8, 2026 / 04:08 PM IST,
    Updated On - August 8, 2026 / 04:08 PM IST

जयपुर, आठ अगस्त (भाषा) उत्तर पश्चिम रेलवे के एक विशेष अभियान के दौरान 1,361 लोगों को बिना टिकट यात्रा करते पकड़ा गया और उनसे 8.70 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

रेलवे के अनुसार, रेल नियमों को सख्ती से लागू करने, बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने, यात्रियों की यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को व्यापक टिकट जांच अभियान चलाया गया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि अभियान के तहत अजमेर मंडल के अजमेर-आबू रोड, बीकानेर मंडल के बीकानेर-हनुमानगढ़, जयपुर मंडल के जयपुर-रेवाड़ी तथा जोधपुर मंडल के पाली मारवाड़-लूणी-समदड़ी और फुलेरा-मेड़ता रोड रेलखंडों पर जांच की गई।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान कुल 1,413 मामलों में 9.17 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।

अधिकारी ने बताया कि इनमें बिना टिकट यात्रा के 1,361 मामलों में 8,70,800 रुपये, अनियमित यात्रा के 39 मामलों में 27,020 रुपये, अनधिकृत सामान बेचने के नौ मामलों में 12,105 रुपये, धूम्रपान के तीन मामलों में 6,000 रुपये और गंदगी फैलाने के एक मामले में 1,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

भाषा पृथ्वी जितेंद्र

जितेंद्र