नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद हिमाचल के ऊना का इंजीनियर लापता

Ads

नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद हिमाचल के ऊना का इंजीनियर लापता

  •  
  • Publish Date - August 29, 2026 / 12:47 PM IST,
    Updated On - August 29, 2026 / 12:47 PM IST

ऊना (हिमाचल प्रदेश), 29 अगस्त (भाषा) हिमाचल के ऊना जिले के रहने वाले सुखविंदर नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद से लापता हैं। वह नेपाल में त्रिशूली पन बिजली परियोजना में मैकेनिकल इंजीनियर के तौर पर काम कर रहे थे।

बुधवार को नेपाल के रसुवा और दूसरे जिलों में अचानक आई बाढ़ के बाद से ही सुखविंदर का परिवार उनसे संपर्क करने और उन्हें खोजने की लगातार कोशिश कर रहा है, लेकिन अब तक कोई कामयाबी नहीं मिली है। इससे परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है।

परिवार ने अपने बेटे को खोजने के लिए केंद्र सरकार और स्थानीय सांसद अनुराग ठाकुर से संपर्क किया है।

सुखविंदर के पिता हुसन लाल ने शनिवार को बताया कि उनका बेटा पहले भूटान में काम करता था, जिसके बाद कंपनी ने उसका तबादला नेपाल कर दिया था। सुखविंदर तीन महीने की छुट्टी के बाद 15 अगस्त को नेपाल लौटे थे।

हुसन लाल के मुताबिक, उनका एक भतीजा भी काठमांडू में रहता है। वह उसके संपर्क में तो हैं, लेकिन सुखविंदर का कोई सुराग नहीं मिल रहा है। दुबई में रहने वाला उनका बड़ा बेटा भी अपने भाई को खोजने के लिए काठमांडू पहुंच गया है और जानकारी जुटा रहा है।

सुखविंदर शादीशुदा हैं और उनका 18 महीने का बेटा है।

ऊना के एसडीएम अभिषेक मित्तल ने बताया कि सुखविंदर के लापता होने की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और संबंधित मंत्रालय से भी संपर्क किया गया है।

भाषा शफीक रंजन

रंजन