नशामुक्ति केंद्र में इंजीनियर ने साथी मरीज़ की चाकू मारकर हत्या की
नशामुक्ति केंद्र में इंजीनियर ने साथी मरीज़ की चाकू मारकर हत्या की
नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) बाहरी उत्तरी दिल्ली के हिरंकी स्थित नशामुक्ति केंद्र में इलाज करा रहे एक केमिकल इंजीनियर ने शुक्रवार को अपने साथी मरीज की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने एक बयान में कहा कि यह घटना कश्मीरी कॉलोनी स्थित ‘किरणदीप फाउंडेशन’ में हुई।
पुलिस ने बताया कि अलीपुर थाने में चाकूबाजी की घटना की सूचना मिली, जिसके बाद एक टीम मौके पर पहुंची और परिसर में खून बिखरा हुआ पाया।
एक अधिकारी ने बताया, “जांच में पता चला कि घायल को पहले ही बुराड़ी के एक अस्पताल में ले जाया चुका था, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृत व्यक्ति की पहचान बुराड़ी के सत्य विहार निवासी अरुण कुमार (22) के रूप में हुई है।”
पुलिस के अनुसार, कुमार आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से था और उसके पिता रिक्शा चलाते हैं। परिवार के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि किशोरावस्था में उसे नशे की लत लग गई थी और इलाज के लिए उसे पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराया गया था।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में एक मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अरुण जोशी (27) को घटनास्थल पर ही पकड़ लिया और उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि त्रिनगर निवासी जोशी भी इसी नशामुक्ति केंद्र में इलाज करा रहा था। उसके पास से अपराध में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान जोशी ने खुलासा किया कि घटना से कुछ दिन पहले कुमार के साथ उसका झगड़ा हुआ था। उन्होंने बताया कि यह झगड़ा तब बढ़ गया, जब कुमार ने उसे कुछ अपशब्द कहे, जिसके बाद जोशी ने बदला लेने के लिए उसपर हमला कर दिया।
उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति केंद्र में फिलहाल करीब 27 नशे के आदी लोग भर्ती हैं।
अधिकारी ने बताया, ‘दिल्ली स्थित एक संस्थान से केमिकल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल करने वाले आरोपी को कॉलेज के दिनों में गांजा के सेवन की लत पड़ गई थी और करीब नौ महीने पहले उसे नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था।’
भाषा नोमान नोमान दिलीप
दिलीप

Facebook


