हत्या के मामले में फरार रहा पूर्व बीडीओ नशे में वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार
हत्या के मामले में फरार रहा पूर्व बीडीओ नशे में वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार
कोलकाता, 26 मई (भाषा) राजगंज के पूर्व प्रखंड विकास अधिकारी प्रशांत बर्मन को कथित रूप से नशे में गाड़ी चलाने के आरोप में कोलकाता के निकट ‘न्यू टाउन’ में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
बर्मन पर 2025 में एक व्यवसायी की हत्या में संलिप्तता का आरोप है और वह कई महीनों से फरार था।
एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार देर रात इको पार्क थाने के जवानों ने उसे लापरवाही से और नशे में गाड़ी चलाने के आरोप में हिरासत में लिया। उन्होंने बताया कि नशे में वाहन चलाने के कारण न्यू टाउन क्षेत्र में एक व्यक्ति घायल हो गया।
बर्मन को मंगलवार सुबह औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया और उसे बारासात में एक अदालत में पेश किया गया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘जांच के दौरान पता चला कि वह व्यक्ति प्रशांत बर्मन था, जो सोने के व्यापारी की हत्या के मामले में आरोपी भी है, जिसकी जांच जारी है… उसने हमारे कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया, उन्हें धमकाया और शराब पीकर वाहन चलाने की जांच कराने के लिए कहे जाने पर सहयोग करने से इनकार किया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा प्रतीत होता है कि नशे की वजह से उसने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और सिटी सेंटर 2 के पास स्थित एक मंदिर की ओर जाने वाली सड़क पर एक पैदल यात्री को टक्कर मार दी।’’
बर्मन ने दुर्घटना के बाद भागने की कोशिश भी की, लेकिन वह असफल रहा।
वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया और इको पार्क पुलिस थाने ले जाया गया। प्रारंभिक पूछताछ और चिकित्सा परीक्षण के बाद, उसे आज सुबह औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।’’
न्यू टाउन में व्यापारी की हत्या की जांच कर रहा बिधाननगर गुप्तचर विभाग पूछताछ के लिए बर्मन की हिरासत के लिए अनुरोध कर सकता है।
एक अन्य अधिकारी ने कहा, ‘‘गुप्तचर विभाग हत्या की जांच के सिलसिले में बर्मन से पूछताछ करना चाहता है। आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।’’
उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व खंड विकास अधिकारी पिछले कई महीनों से गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था।
इस साल जनवरी में पश्चिम बंगाल सरकार ने बर्मन को जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज खंड विकास अधिकारी के पद से हटा दिया था। यह कदम उच्चतम न्यायालय के उस निर्देश के बाद उठाया गया था, जिसमें एक सर्राफा कारोबारी के अपहरण और हत्या के मामले में उसे आत्मसमर्पण करने को कहा गया था।
भाषा शोभना दिलीप
दिलीप

Facebook


