तिरुवनंतपुरम में संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर के घर तलाशी के दौरान आबकारी अधिकारियों पर हमला

Ads

तिरुवनंतपुरम में संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर के घर तलाशी के दौरान आबकारी अधिकारियों पर हमला

  •  
  • Publish Date - April 16, 2026 / 10:32 AM IST,
    Updated On - April 16, 2026 / 10:32 AM IST

तिरुवनंतपुरम, 16 अप्रैल (भाषा) तिरुवनंतपुरम के चिरायिनकीझु में मादक पदार्थ की तस्करी के संदेह में एक व्यक्ति के घर पर छापेमारी के दौरान तीन आबकारी अधिकारी घायल हो गए, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि अगरस, अगासी और ज्योत्सन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिन्होंने कथित तौर पर मंगलवार रात चिरायिनकीझु के पुथुक्कारी स्थित अपने घर पर तलाशी के दौरान आबकारी अधिकारियों अरोमल, शरण और गोकुल पर हमला किया था।

पुलिस ने बताया कि आबकारी प्रवर्तन एवं विशिष्ट स्वापक दस्ता अगरस के घर पहुंचा था, जो कई आपराधिक मामलों में शामिल है, क्योंकि सूचना मिली थी कि उसने वहां एमडीएमए (नशीला पदार्थ) जमा कर रखा है।

तलाशी के दौरान अगरस कथित तौर पर मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन अरोमल ने उसे रोक लिया।

पुलिस ने बताया कि इसी दौरान अगरस ने कथित तौर पर अरोमल पर हमला किया और उसे काट लिया।

जब शरण और गोकुल अरोमल की मदद के लिए पहुंचे, तो अगासी और ज्योत्सन ने कथित तौर पर उन पर भी हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि हालांकि, आबकारी अधिकारियों ने तीनों आरोपियों को काबू कर लिया और उन्हें नजदीकी थाने ले जाया गया।

पुलिस ने बताया कि घायल आबकारी अधिकारियों को बाद में अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि अरोमल की शिकायत के आधार पर बुधवार को मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।

भाषा गोला शोभना

शोभना