लुधियाना में अवैध पटाखा निर्माण फैक्टरी में धमाका; एक व्यक्ति की मौत, दो घायल
लुधियाना में अवैध पटाखा निर्माण फैक्टरी में धमाका; एक व्यक्ति की मौत, दो घायल
लुधियाना, 31 मार्च (भाषा) पंजाब के लुधियाना के जोधन गांव में मंगलवार को एक अवैध पटाखा निर्माण फैक्टरी में हुए धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 16 वर्षीय लड़की सहित दो अन्य घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने दी।
पुलिस उपाधीक्षक (मुल्लनपुर) वरिंदर सिंह खोसा ने बताया कि प्रारंभिक जांच से यह बात सामने आयी है कि इमारत में अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान कैफ शाह के रूप में हुई है और दो घायलों में अलीशा (16) भी शामिल है।
पुलिस ने बताया कि घटना शाम करीब साढ़े सात बजे हुई। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने कहा कि ऐसी जानकारी मिली थी कि इमारत में एक सिलेंडर में धमाका हुआ है।
पुलिस ने बताया कि धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने बताया कि घायलों में से एक ने बताया कि धमाके के बाद इमारत की छत भी गिर गई। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा अमित आशीष
आशीष

Facebook


