पंजाब में पटियाला के पास विस्फोट होने से रेल पटरी क्षतिग्रस्त

Ads

पंजाब में पटियाला के पास विस्फोट होने से रेल पटरी क्षतिग्रस्त

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 08:33 AM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 08:33 AM IST

चंडीगढ़, 28 अप्रैल (भाषा) पंजाब के पटियाला में सोमवार रात शंभू-अंबाला रेल पटरी के पास कम तीव्रता का विस्फोट हुआ, जिससे पटरी को नुकसान पहुंचा। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना स्थल शंभू-अंबाला रेल पटरी के पास से एक अज्ञात शव भी मिला है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि इसका संबंध सोमवार देर रात हुए विस्फोट से है या नहीं।

पटियाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वरुण शर्मा ने बताया कि विस्फोट से रेल पटरियों को भी कुछ नुकसान पहुंचा है। यह घटना रात करीब 10 बजे मालगाड़ियों के लिए निर्धारित पटरियों के पास हुई।

विस्फोट की खबर मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

शर्मा ने पीटीआई-भाषा को फोन पर बताया, ‘‘कम तीव्रता का एक विस्फोट हुआ है।’’ उन्होंने बताया कि एक अज्ञात शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला है।

जब उनसे पूछा गया कि क्या मृतक की मौत विस्फोट के कारण हुई है, तो उन्होंने कहा, ‘‘मामले की जांच जारी है।’’

शर्मा ने बताया कि नमूने लेने के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों को घटनास्थल पर बुलाया गया है।

भाषा अविनाश सिम्मी

सिम्मी