अमृतसर और जालंधर में हुए विस्फोट ‘मामूली’, भाजपा भय का माहौल बना रही : मुख्यमंत्री मान

अमृतसर और जालंधर में हुए विस्फोट ‘मामूली’, भाजपा भय का माहौल बना रही : मुख्यमंत्री मान

अमृतसर और जालंधर में हुए विस्फोट ‘मामूली’, भाजपा भय का माहौल बना रही : मुख्यमंत्री मान
Modified Date: May 6, 2026 / 05:25 pm IST
Published Date: May 6, 2026 5:25 pm IST

( तस्वीर सहित )

चंडीगढ़, छह मई (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अमृतसर और जालंधर में हुए दो विस्फोटों को “मामूली” करार देते हुए बुधवार को भाजपा पर लोगों में डर का माहौल बनाने का आरोप लगाया और कहा कि यह विपक्षी पार्टी की राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों की ‘तैयारी’ का हिस्सा है।

मंगलवार रात दो विस्फोट हुए थे, जिनमें से एक धमाका जालंधर में सीमा सुरक्षा बल के पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय के बाहर रात करीब आठ बजे और दूसरा अमृतसर के खासा स्थित सेना छावनी क्षेत्र के पास रात करीब 11 बजे हुआ।

मान ने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा लोगों में भय का वातावरण पैदा करना चाहती है ताकि उन्हें डराकर वोट हासिल किए जा सकें।

उन्होंने कहा, “भाजपा एक सांप्रदायिक पार्टी है। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव समाप्त हो चुके हैं और उन्होंने (भाजपा ने) कहा है कि अब पंजाब की बारी है। इससे यह संकेत मिलता है कि ये मामूली विस्फोट पंजाब विधानसभा चुनावों की उनकी तैयारी का हिस्सा हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले की जांच जारी है।

मान ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा हमेशा हिंसा भड़काकर और जनता को डराकर वोट हासिल करने की कोशिश करती है।

बेअदबी रोधी कानून के कार्यान्वयन के लिए चार दिवसीय ‘‘शुक्राना यात्रा’’ शुरू करने के बाद माना ने आनंदपुर साहिब में संवाददाताओं से कहा, “मैं भाजपा से ऐसी हरकतें बंद करने का आग्रह करता हूं। पंजाब एक शांतिप्रिय राज्य है। हम ऐसे लोग हैं जो हमेशा विश्व के कल्याण की कामना करते हैं।”

मान ने दावा किया कि जिन राज्यों में भाजपा चुनाव लड़ती है, वहां वह अशांति फैलाने की कोशिश करती है।

हाल में लागू हुए बेअदबी रोधी कानून ‘‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन अधिनियम 2026’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह कानून समुदायों के बीच टकराव भड़काने की भाजपा की कोशिशों को विफल करता है।

उन्होंने कहा, “इस कानून के लागू होने के बाद कोई भी उनके इशारे पर बेअदबी जैसी घटनाओं में शामिल नहीं होगा।’’

उन्होंने दावा किया कि यह कानून भाजपा के एजेंडे के विपरीत है।

मान ने भाजपा की कार्यशैली पर चिंता जताते हुए कहा, “भाजपा कहती है कि वह पंजाब के लिए तैयार है। क्या वे इन मामूली विस्फोटों के जरिए लोगों को डराकर वोट हासिल करना चाहते हैं? पंजाब पहले भी कठिन दौर देख चुका है।”

उन्होंने आरोप लगाया, “यह भाजपा की कार्यप्रणाली है। इसमें, हर राज्य में जहां वह चुनाव लड़ती है, वहां दंगे भड़काना, मामूली विस्फोट कराना और धर्म व जाति के आधार पर लोगों को बांटना शामिल है। यह पंजाब के लिए उनकी तैयारी को दर्शाता है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी देश किसी संकट का सामना करता है, पंजाब महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और राज्य में हर हाल में शांति तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखी जाएगी।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों से जुड़े एक सवाल पर मान ने कहा कि ममता बनर्जी ने जनादेश की ‘लूट’ को लेकर शिकायत की है।

उन्होंने कहा, “निर्वाचन आयोग पर भी आरोप लग रहे हैं। उसे अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वह पक्षपातपूर्ण न हो।”

बाद में जारी एक बयान में पंजाब के मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि अमृतसर और जालंधर में हुए बम विस्फोट राज्य में बेअदबी रोधी कानून पारित होने के बाद उसे अस्थिर करने की एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा हैं।

पश्चिम बंगाल से तुलना करते हुए मान ने आरोप लगाया कि भाजपा “चुनाव वाले राज्यों में सांप्रदायिक तनाव, दहशत और अशांति पैदा कर मतदाताओं का ध्रुवीकरण करने की राजनीति करती है।” उन्होंने कहा कि शांति प्रिय पंजाब के लोग कभी भी पार्टी को चुनावी लाभ के लिए राज्य की कड़ी मेहनत से स्थापित सद्भावना को नष्ट नहीं करने देंगे।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल की तर्ज पर पंजाब में “अशांति” फैलाने की कोशिश कर रही है, लेकिन पंजाब के लोग राजनीतिक रूप से जागरूक हैं और ऐसी साजिशों के खिलाफ एकजुट हैं।

मान ने कहा, “हिंसा, विभाजन और सांप्रदायिक तनाव भाजपा की पहचान है और उसकी राजनीति का अभिन्न हिस्सा है। भाजपा आगामी चुनाव जीतने के लिए बंगाल की तर्ज पर पंजाब में हिंसा और डर फैलाने की कोशिश कर रही है। हालांकि, उसके नापाक मंसूबे पंजाब में कभी सफल नहीं होंगे, क्योंकि पंजाब की उपजाऊ धरती पर सब कुछ उग सकता है, लेकिन नफरत के बीज कभी नहीं पनप सकते।”

राज्य में हुए विस्फोटों की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाएं भाजपा की “राजनीतिक शैली” को दर्शाती हैं, जिसका उद्देश्य समाज में भय और दहशत फैलाकर वोट हासिल करना है।

उन्होंने कहा, “यह विभाजनकारी राजनीति भाजपा हर चुनावी राज्य में अपने चुनावी लाभ के लिए अपनाती है।”

मान ने कहा कि विस्फोटों के लिए जिम्मेदार लोगों का जल्द पता लगाया जाएगा और उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।

उन्होंने कहा, “मानवता के खिलाफ इस जघन्य अपराध में शामिल सभी लोगों को बहुत जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। ऐसे लोगों को सख्त सजा सुनिश्चित की जाएगी, क्योंकि पंजाब सरकार राज्य की शांति, सुरक्षा और अखंडता को खतरे में डालने वाली किसी भी गतिविधि के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाती है।”

भाषा मनीषा माधव

माधव


लेखक के बारे में