केरल में प्रदर्शन मामले में गिरफ्तार केएसयू कार्यकर्ता के घर पर विस्फोटक फेंका गया

केरल में प्रदर्शन मामले में गिरफ्तार केएसयू कार्यकर्ता के घर पर विस्फोटक फेंका गया

केरल में प्रदर्शन मामले में गिरफ्तार केएसयू कार्यकर्ता के घर पर विस्फोटक फेंका गया
Modified Date: February 27, 2026 / 09:46 am IST
Published Date: February 27, 2026 9:46 am IST

कोझिकोड (केरल), 27 फरवरी (भाषा) केरल के थोडन्नूर में बृहस्पतिवार देर रात अज्ञात व्यक्तियों ने केरल छात्र संघ (केएसयू) के एक कार्यकर्ता के आवास पर विस्फोटक फेंका। इस कार्यकर्ता को एक प्रदर्शन के दौरान राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज के कथित तौर पर घायल होने के बाद गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने यह जानकारी दी।

यह हमला केएसयू जिला सचिव बिथुल बालन के आवास पर देर रात करीब 2.45 बजे हुआ। हमले में धूप से बचाव के लिए लगाए गए शेड, खिड़कियों और शीशों को नुकसान पहुंचा।

केएसयू कांग्रेस से संबद्ध छात्र संगठन है।

राज्य में कथित चिकित्सा लापरवाही की घटनाओं को लेकर कन्नूर रेलवे स्टेशन पर केएसयू ने प्रदर्शन किया था और इस दौरान जॉर्ज कथित तौर पर घायल हो गई थीं। इस संबंध में बालन नामक कार्यकर्ता को हिरासत में लिया गया था और वर्तमान में उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घर के बाहर नकाबपोश दो अज्ञात व्यक्तियों ने विस्फोटक फेंका था, जिसके बारे में संदेह है कि यह देसी बम था।

पुलिस ने बताया कि घटना के समय बालन के पिता घर में मौजूद थे।

वडाकारा पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा तीन (जीवन या संपत्ति को खतरे में डालने की मंशा से विस्फोट करना) और धारा पांच (विस्फोटक बनाना या रखना) के तहत मामला दर्ज किया है।

मंत्री के घायल होने की घटना के बाद समूचे केरल में व्यापक हिंसा की खबरें आईं।

इस बीच, जॉर्ज को कन्नूर के परियारम मेडिकल कॉलेज से छुट्टी दे दी गई है। विरोध प्रदर्शन के दौरान गर्दन और हाथ में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

कन्नूर के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जॉर्ज को सुबह छुट्टी दे दी गई और बाद में उन्हें तिरुवनंतपुरम ले जाया गया।

भाषा सुरभि वैभव

वैभव


लेखक के बारे में