गांधीनगर में ताड़ के तेल से नकली घी बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़
गांधीनगर में ताड़ के तेल से नकली घी बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़
गांधीनगर, पांच अगस्त (भाषा) गुजरात के गांधीनगर में पुलिस ने एक फैक्टरी पर छापा मारकर उसे सील कर दिया, जहां कथित तौर पर ताड़ के तेल से नकली घी बनाया जा रहा था। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सूचना के आधार पर पुलिस ने खाद्य एवं औषधि नियंत्रण प्रशासन (एफडीसीए) तथा अपराध विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) के अधिकारियों के साथ मिलकर मंगलवार को कलोल के छत्राल औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक गोदाम पर छापा मारा।
पुलिस महानिरिक्षक वीरेंद्र सिंह यादव ने कहा, ‘‘हमने छत्राल जीआईडीसी स्थित ‘हैप्पी ऑयल इंडस्ट्रीज’ से मिलावटी घी, मिलावटी ताड़ का तेल और अन्य रसायनों समेत 1.67 करोड़ रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की है।’’
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान करीब 30,000 लीटर तैयार सामग्री जब्त की गई।
यादव ने कहा कि एफएसएल की टीमों ने जब्त सामग्री के नमूने एकत्र किए हैं और रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि फैक्टरी को सील कर दिया गया है और अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस ने यह भी पाया कि फैक्टरी मालिक जनक भावसार ने कथित तौर पर कडी में भी इसी तरह की एक इकाई संचालित की थी, जिस पर 2024 में छापा मारा गया था। इसके बाद उसने कलोल में एक और फैक्टरी शुरू की।
भाषा तान्या नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


