दिल्ली के नांगलोई में अचार के कुएं में गिरने से फैक्टरी मालिक और उसके बेटे की मौत

दिल्ली के नांगलोई में अचार के कुएं में गिरने से फैक्टरी मालिक और उसके बेटे की मौत

दिल्ली के नांगलोई में अचार के कुएं में गिरने से फैक्टरी मालिक और उसके बेटे की मौत
Modified Date: March 8, 2026 / 01:10 am IST
Published Date: March 8, 2026 1:10 am IST

नयी दिल्ली, सात मार्च (भाषा) दिल्ली के नांगलोई इलाके में शनिवार शाम को अचार बनाने की एक फैक्टरी में कुएं में गिरने से फैक्टरी मालिक और उनके बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

विनिर्माण इकाई एक आवासीय इमारत के भूतल से संचालित होती थी, जबकि इसके 60 वर्षीय मालिक अनिल अपने परिवार के साथ पहली मंजिल पर रहते थे।

पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि फैक्टरी में करीब 10 फुट गहरे चार से पांच कुएं थे, जहां अचार बनाकर रखा जाता था।

एक अधिकारी ने कहा, ‘शनिवार को, एक मजदूर काम के लिए एक कुएं में उतरा था, लेकिन कथित तौर पर दम घुटने के कारण बेहोश हो गया।’

अधिकारी ने बताया कि मजदूर को गिरते देख फैक्टरी मालिक और 32 साल और 28 साल के उनके दो बेटे नीरज और संदीप भी उसे बचाने के लिए कुएं में उतर गए। अधिकारी ने कहा, हालांकि, ऑक्सीजन की कमी के कारण वे भी बेहोश हो गए।

अधिकारी ने बताया कि शोर-शराबा होने पर अनिल के भाई सुभाष और अन्य स्थानीय लोग पहुंचे और सभी को कुएं से बाहर निकाला।

पुलिस ने बताया कि मजदूर और संदीप को होश आ गया, जबकि अनिल और उनके बेटे नीरज को होश नहीं आया और उन्हें संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि दम घुटने के सही कारण और फैक्टरी में सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं, इसका पता लगाने के लिए एक जांच शुरू कर दी गई है।

भाषा तान्या अमित

अमित


लेखक के बारे में