दिल्ली में रेबीज के नकली टीके जब्त, कानपुर की एक कंपनी से जुड़े आपूर्ति के तार
दिल्ली में रेबीज के नकली टीके जब्त, कानपुर की एक कंपनी से जुड़े आपूर्ति के तार
नयी दिल्ली, 22 सितंबर (भाषा) दिल्ली औषधि नियंत्रण विभाग (डीडीसी) ने भागीरथ पैलेस स्थित एक फर्म से रेबीज के 481 नकली टीके जब्त किए हैं और इसकी आपूर्ति के तार कानपुर की एक एजेंसी से जुड़े पाए गए हैं।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक अधिकारियों ने इस नकली दवा के स्रोत और वितरण श्रृंखला की जांच शुरू कर दी है।
डीडीसी ने बताया कि भागीरथ पैलेस की फर्म के बिक्री परिसर और गोदाम सहित तीन ठिकानों पर छापेमारी के दौरान जब्त ‘प्यूरीफाइड वेरो सेल रेबीज वैक्सीन’ (अभयरैब) टीका नकली पाया गया।
डीडीसी के अनुसार, इसके मूल निर्माता ‘ह्यूमन बायोलॉजिकल्स इंस्टीट्यूट, तेलंगाना’ ने पुष्टि की है कि यह बैच नकली था और इसे कंपनी द्वारा जारी नहीं किया गया था।
बयान में कहा गया कि विभाग ने औषध एवं प्रसाधन अधिनियम, 1940 के विभिन्न प्रावधानों के तहत 120 शीशियों (वाइल) को नमूनों के रूप में एकत्र किया और शेष 361 शीशियों को जब्त कर लिया।
इन नमूनों को जांच और विश्लेषण के लिए केंद्रीय अनुसंधान संस्थान (सीआरआई), कसौली भेजा गया है।
भाषा प्रचेता अविनाश
अविनाश

Facebook


