अमेरिका में हमले का शिकार हुए युवक के परिवार ने विदेश मंत्रालय से मदद की अपील की

अमेरिका में हमले का शिकार हुए युवक के परिवार ने विदेश मंत्रालय से मदद की अपील की

अमेरिका में हमले का शिकार हुए युवक के परिवार ने विदेश मंत्रालय से मदद की अपील की
Modified Date: July 16, 2026 / 10:24 pm IST
Published Date: July 16, 2026 10:24 pm IST

हैदराबाद, 16 जुलाई (भाषा) हैदराबाद के रहने वाले सैयद सोहेलउद्दीन के परिवार ने बृहस्पतिवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर से अमेरिका जाने के लिए आपातकालीन वीजा दिलाने की अपील की। सोहेलउद्दीन पर अमेरिका में कथित तौर पर उनके धर्म की वजह से चाकू से हमला किया गया था।

सोहेलउद्दीन की भाभी असमा फिरदौस ने बताया कि उन्हें इस हमले की जानकारी मंगलवार देर रात मिली थी और शुरुआत में उन्हें लगा था कि यह मामूली घटना है। हालांकि, घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर देखने के बाद उनकी चोटों की गंभीरता का पता चला, जिससे परिवार की चिंता बढ़ गई।

परिवार की स्थिति का जिक्र करते हुए असमा ने बताया कि हमले की जानकारी मिलते ही उनकी बहन और सोहेलउद्दीन की पत्नी अमरीन फिरदौस बेहोश हो गई थीं।

असमा ने कहा, ‘‘अमरीन का रक्तचाप लगातार गिर रहा है और उनकी तबीयत को लेकर चिंता बनी हुई है।’’ उन्होंने बताया कि सोहेलउद्दीन और अमरीन के दो बच्चे हैं—पांच वर्षीय बेटा और तीन वर्षीय बेटी।

असमा ने कहा कि अमरीन अमेरिका में अकेली हैं और अस्पताल के चक्कर लगाने के साथ-साथ दोनों छोटे बच्चों की देखभाल भी कर रही हैं।

असमा और उनके भाई ने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप करते हुए अमेरिका जाने के लिए आपातकालीन वीजा दिलाने की मांग की है, ताकि वे वहां पहुंचकर पीड़ित के परिवार की मदद कर सकें।

इस बीच, मजलिस बचाओ तहरीक (एमबीटी) के प्रवक्ता अमजद उल्लाह खान ने हैदराबाद के मुशीराबाद स्थित असमा फिरदौस के घर जाकर उनसे मुलाकात की। उन्होंने इस बातचीत का एक वीडियो ‘एक्स’ पर भी साझा किया।

उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से अपील की कि परिवार के सदस्यों को आपातकालीन वीजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे जल्द से जल्द अमेरिका जाकर अपने परिजन के साथ रह सकें।

भाषा आशीष माधव

माधव


लेखक के बारे में