मशहूर बंगाली अभिनेता खराज मुखर्जी और उनकी पत्नी बाढ़ प्रभावित नेपाल में फंसे

मशहूर बंगाली अभिनेता खराज मुखर्जी और उनकी पत्नी बाढ़ प्रभावित नेपाल में फंसे

मशहूर बंगाली अभिनेता खराज मुखर्जी और उनकी पत्नी बाढ़ प्रभावित नेपाल में फंसे
Modified Date: August 27, 2026 / 04:10 pm IST
Published Date: August 27, 2026 4:10 pm IST

कोलकाता, 27 अगस्त (भाषा) ‘कहानी’ और ‘स्पेशल 26’ जैसी फिल्मों में अभिनय कर चुके बंगाली अभिनेता खराज मुखर्जी और उनकी पत्नी प्रतिभा नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद वहां फंस गए हैं। उनके परिवार ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

परिवार के एक सदस्य ने बताया कि दोनों 20 अगस्त को एक बांग्लादेशी फिल्म की शूटिंग के लिए उसके निर्माण से जुड़ी टीम, अपने परिवार और दोस्तों के साथ नेपाल गए थे।

उन्होंने कहा, ‘‘मुश्किल हालात के बावजूद मुखर्जी ने फोन करके हमें भरोसा दिलाया है कि वे सुरक्षित हैं।’’

अभिनेता रजताभ दत्ता भी मुखर्जी के साथ नेपाल में फंसे हुए हैं और सुरक्षित हैं।

हालात ठीक नहीं होने के कारण समूह काठमांडू से विमान से वापस नहीं लौट सका। अब उनकी योजना सड़क मार्ग से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर पहुंचने और वहां से विमान के जरिये कोलकाता पहुंचने की है।

बंगाली फिल्म उद्योग में जाना-पहचाना नाम मुखर्जी ने ‘द नेमसेक’, ‘एक्सीडेंट’, ‘मुक्तधारा’ और ‘जातिस्वर’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया है। उनकी हिंदी फिल्मों में ‘युवा’, ‘परिणीता’, ‘लागा चुनरी में दाग’ और ‘लफंगे परिंदे’ शामिल हैं।

नेपाल में आई भीषण बाढ़ में मृतकों की संख्या बढ़कर 177 हो गई है। अधिकारियों के अनुसार, 300 भारतीय पर्यटकों समेत हजारों लोग लापता हैं।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बाढ़ में हुई जनहानि पर दुख जताया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर नजर रख रही है और प्रभावित पर्यटकों, तीर्थयात्रियों, श्रमिकों तथा कारोबारियों की मदद के लिए काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास और नेपाल के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रही है।

भाषा

राखी संतोष

संतोष


लेखक के बारे में