फरीदाबाद: बोरवेल से 10 घंटे बाद बाहर निकाली गई मासूम बच्ची, चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
फरीदाबाद: बोरवेल से 10 घंटे बाद बाहर निकाली गई मासूम बच्ची, चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
फरीदाबाद, 28 सितंबर (भाषा) फरीदाबाद के सीही गांव में खेलते समय लगभग 200 फुट गहरे बोरवेल में गिरी ढाई साल की एक बच्ची को सोमवार तड़के बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
नेहा नाम की यह बच्ची रविवार शाम अन्य बच्चों के साथ बोरवेल के पास खेल रही थी, तभी वह उसमें गिर गई। पास ही एक ट्रैक्टर खड़ा था और खेलते समय बच्चे उस पर चढ़ गए थे। माना जा रहा है कि नेहा ट्रैक्टर से फिसलकर बोरवेल में जा गिरी।
घटना की सूचना मिलने के बाद हरियाणा पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर राहत कार्य शुरू किया।
एनडीआरएफ के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें रविवार रात करीब आठ बजे बच्ची के बोरवेल में गिरने की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
शुरुआत में बचाव दल को बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दे रही थी, लेकिन कुछ समय बाद आवाज आना बंद हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि टीम का उपकरण बोरवेल के भीतर काम नहीं कर पाया। इसके बाद एक स्थानीय कार मैकेनिक की मदद से मौके पर ही एक विशेष उपकरण तैयार किया गया।
नेहा को 10 घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद सोमवार तड़के करीब चार बजे बोरवेल से बाहर निकाला गया और तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने शव को मुर्दाघर में रखवा दिया है। मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा।’’
एसडीआरएफ के अधिकारियों के अनुसार यह बोरवेल सालों से बंद पड़ा था, लेकिन 125 फुट की गहराई पर इसमें पानी भरा हुआ था जिससे बचाव कार्य में काफी बाधा आई।
बच्ची लगभग 200 फुट की गहराई पर उल्टी फंसी हुई थी। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने उसे बाहर निकाल लिया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
सेक्टर-आठ के निवासियों ने इस हादसे के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि बोरवेल को सुरक्षित तरीके से बंद नहीं किया गया था।
हालांकि, फरीदाबाद नगर निगम के कार्यकारी अभियंता संजीव कुमार ने कहा कि बोरवेल को लगभग 15 साल पहले ढक्कन लगाकर बंद किया गया था और ढक्कन हटाए जाने के संबंध में निगम को कोई सूचना नहीं मिली थी।
उन्होंने कहा, ‘‘मामले की जांच की जाएगी और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।’’
भाषा खारी वैभव
वैभव

Facebook


