किसानों ने मोटरसाइकिल रैली निकाली; प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर केंद्र पर निशाना
किसानों ने मोटरसाइकिल रैली निकाली; प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर केंद्र पर निशाना
चंडीगढ़, 13 जुलाई (भाषा) भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू-राजेवाल) ने प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और अन्य मुद्दों के खिलाफ सोमवार को मोटरसाइकिल रैली निकाली तथा चेतावनी दी कि अगर समझौते पर हस्ताक्षर किए गए तो वे देशव्यापी प्रदर्शन शुरू करेंगे।
चंडीगढ़ में किसानों के विरोध प्रदर्शन के कारण कई मार्गों पर यातायात संबंधी पाबंदी लगाई गई थी।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को रद्द करने की मांग करते हुए प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि सरकार की व्यापार नीतियां किसानों और डेयरी क्षेत्र के नुकसान पर बहुराष्ट्रीय कंपनियों और वैश्विक व्यापार के हितों की पक्षधर हैं।
उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी किसानों को बड़े पैमाने पर सरकारी मदद मिलती है और वे बड़े स्तर पर काम करते हैं, जिससे भारतीय किसानों के लिए मुकाबला करना मुश्किल हो जाता है क्योंकि उनके पास अधिकतर छोटी जमीन होती है।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि इससे किसानों की आमदनी और कृषि पर आधारित अर्थव्यवस्था पर असर पड़ सकता है क्योंकि इस समझौते से भारतीय बाजारों में बड़े पैमाने पर कृषि उत्पाद, दालें, फल, सब्जियां और अन्य खाद्य सामग्री आ सकती हैं।
बीकेयू (राजेवाल) के प्रमुख बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा, ‘‘अगर अमेरिका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर दस्तखत होते हैं तो उसी दिन पूरे देश में विरोध-प्रदर्शन किए जाएंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में 17 जुलाई को पंजाब में सभी टोल प्लाजा दो घंटे के लिए टोल-मुक्त रहेंगे।’’
सोमवार के विरोध-प्रदर्शन के बारे में राजेवाल ने कहा कि उनकी कुछ मांगें केंद्र सरकार से जुड़ी हैं जबकि कुछ राज्य सरकार से संबंधित हैं।
उन्होंने पंजाब में गिरते भूजल स्तर और जलवायु परिवर्तन की वजह से खेती के सामने आ रही चुनौतियों पर चिंता जाहिर की।
प्रदर्शन के मद्देनजर चंडीगढ़ पुलिस ने सोमवार को सुबह 10 बजकर 30 मिनट से अपराह्न तीन बजे तक चंडीगढ़ की कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रतिबंध लागू किए।
लोगों को सलाह दी गई कि वे प्रदर्शन के दौरान अन्य मार्गों का इस्तेमाल करें। शुक्रवार को बीकेयू (एकता उगराहां) और एक अन्य किसान संगठन के बैनर तले किसानों ने सेक्टर 34 से मटका चौक तक रैली निकाली थी।
किसान समूहों ने प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी जैसे मुद्दों के विरोध में शुक्रवार को चंडीगढ़ की सड़कों पर ट्रैक्टर-ट्रॉली, बस, जीप और दूसरी गाड़ियां चलाईं।
भाषा सुरभि नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


