फारूक अब्दुल्ला, मीरवाइज, अन्य ने कुलगाम में दो प्रवासी श्रमिकों की हत्या की निंदा की
फारूक अब्दुल्ला, मीरवाइज, अन्य ने कुलगाम में दो प्रवासी श्रमिकों की हत्या की निंदा की
श्रीनगर, एक अगस्त (भाषा) नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, कश्मीर के मुख्य धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक और अन्य नेताओं ने कुलगाम जिले में एक दिन पहले हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी श्रमिकों की हत्या की शनिवार को कड़ी निंदा की तथा इसे ‘‘अत्यंत अमानवीय’’ करार दिया।
नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि पार्टी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कुलगाम के देवसर क्षेत्र में दो गैर-स्थानीय श्रमिकों की हत्या की कड़े शब्दों में निंदा की है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अनुसार, उमर अब्दुल्ला ने दोनों मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
नेशनल कॉन्फ्रेंस ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति मिले।
पार्टी ने कहा, ‘‘ऐसे असहाय लोगों को निशाना बनाना अत्यंत अमानवीय है और इसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए।’’
दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के केलम इलाके में शुक्रवार देर शाम एक ईंट-भट्ठे पर हुए आतंकी हमले में दो प्रवासी श्रमिक दीपक रात्रे और बोपिंदर की मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि दीपक रात्रे ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया, जबकि बोपिंदर को पहले जीएमसी अनंतनाग ले जाया गया और बाद में सौरा स्थित एसकेआईएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता एवं कुलगाम से विधायक एम.वाई. तारिगामी ने घटना को बर्बर बताते हुए कहा कि ये श्रमिक अपने परिवारों का पालन-पोषण करने और ईमानदारी से रोजी-रोटी कमाने के लिए हजारों किलोमीटर दूर कश्मीर आए थे। उन्होंने कहा, ‘‘उन पर हमला करना घोर क्रूरता से कम नहीं है। इस तरह की बर्बर हिंसा किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है और इसके जिम्मेदार लोगों को कानून के कठघरे में लाया जाना चाहिए।’’
मीरवाइज उमर फारूक ने भी हत्या की निंदा करते हुए कहा कि हिंसा का हर हाल में त्याग किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक निर्दोष मानव जीवन की पवित्रता को सर्वोच्च मानता है और निर्दोष लोगों की हत्या की स्पष्ट और बिना किसी शर्त के निंदा करता है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जम्मू कश्मीर इकाई के प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने भी हमले की निंदा करते हुए इसे शांति भंग करने की मंशा से किया गया कायराना और बर्बर कृत्य बताया। उन्होंने कहा कि यह घटना सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
ठाकुर ने कहा कि अमरनाथ यात्रा जारी है और घाटी में बड़ी संख्या में पर्यटक आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में इस तरह के हमलों का मकसद कश्मीर की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाना है।
अपनी पार्टी के नेता एवं पूर्व मंत्री अशरफ मीर ने कहा कि हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, लेकिन निर्दोष लोगों को इसकी सजा नहीं मिलनी चाहिए।
कुलगाम में हुआ यह हमला अनंतनाग में 10 दिन से भी कम समय पहले हुए उस आतंकी हमले के बाद हुआ है, जिसमें एक पुलिस अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
भाषा प्रचेता अमित
अमित

Facebook


