फारूक ने बारिश से प्रभावित जम्मू-कश्मीर के लिए केंद्र से विशेष पैकेज की मांग की

Ads

फारूक ने बारिश से प्रभावित जम्मू-कश्मीर के लिए केंद्र से विशेष पैकेज की मांग की

  •  
  • Publish Date - July 22, 2026 / 12:52 AM IST,
    Updated On - July 22, 2026 / 12:52 AM IST

श्रीनगर, 21 जुलाई (भाषा) नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने हाल में हुई मूसलाधार बारिश, अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से हुई जनहानि व व्यापक तबाही पर मंगलवार को गहरा दुख जताया।

नेकां प्रमुख ने केंद्र सरकार से केंद्र शासित प्रदेश के लिए विशेष राहत पैकेज देने की मांग की।

अब्दुल्ला ने एक बयान में कहा कि बारिश के कारण राजौरी, पुंछ, डोडा समेत कई जिलों में मानवीय संकट पैदा हो गया है। इस आपदा में कई लोगों की मौत हुई है, जबकि मकानों, सड़कों, सार्वजनिक ढांचे, कृषि भूमि और लोगों की आजीविका को भारी नुकसान पहुंचा है।

उन्होंने कहा कि अचानक आई बाढ़ से रिहायशी इलाकों और बाजारों में पानी भर गया, कई वाहन बह गए और भूस्खलन के कारण संपर्क मार्ग बाधित हो गए, जिससे राहत और बचाव कार्य भी गंभीर रूप से प्रभावित हुए।

नेकां अध्यक्ष ने कहा कि नुकसान का पैमाना बहुत बड़ा है और राहत, पुनर्वास तथा पुनर्निर्माण का पूरा वित्तीय बोझ जम्मू-कश्मीर सरकार अकेले नहीं उठा सकती। उन्होंने केंद्र सरकार से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की बहाली के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा करने की अपील की।

भाषा

राखी रंजन

रंजन