पिता ने बेटी के विवाह से पहले भावी दामाद के यातायात चालानों के बारे में पुलिस से जानकारी ली

पिता ने बेटी के विवाह से पहले भावी दामाद के यातायात चालानों के बारे में पुलिस से जानकारी ली

पिता ने बेटी के विवाह से पहले भावी दामाद के यातायात चालानों के बारे में पुलिस से जानकारी ली
Modified Date: May 28, 2026 / 04:49 pm IST
Published Date: May 28, 2026 4:49 pm IST

रायडुपलेम, 28 मई (भाषा) आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में एक पिता ने अपनी बेटी के विवाह से पहले अपने भावी दामाद के वाहनों के खिलाफ यातायात चालानों के बारे में पुलिस से जानकारी मांगी ताकि उसके भीतर दायित्व बोध और वाहन चलाने के कौशल का पता लगाया जा सके। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी ने इस काम को दुर्लभ और सोचा समझा बताते हुए कहा कि इस व्यक्ति ने पारंपरिक ढंग से जानकारी जुटाने के बजाय अपने भावी दामाद के सड़क पर किये जाने व्यवहार के आधार पर उसके चरित्र का आकलन करना अधिक सटीक पाया।

अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “उस व्यक्ति ने यह जानना चाहा कि क्या उसका भावी दामाद लापरवाही से गाड़ी चलाने, शराब पीकर गाड़ी चलाने या बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने जैसे मामलों में शामिल रहा है? हमने उसके दायित्व बोध की सराहना की।”

पुलिस के अनुसार, इस व्यक्ति ने कई साल पहले अपनी पत्नी को खो दिया था और उसने अकेले ही अपनी बेटी का पालन-पोषण किया। उन्होंने कहा कि इस पिता ने तमाम कठिनाइयां झेलते हुए अपनी बेटी को पढ़ाकर इंजीनियर बनाया।

हाल में अपनी बेटी के लिए उपयुक्त रिश्ता मिलने के बाद पिता ने मंगलवार को रायडुपलेम यातायात पुलिस से भावी दामाद की एक कार और एक दोपहिया वाहन के पंजीकरण नंबरों के साथ संपर्क किया।

पुलिस ने बताया कि उस व्यक्ति का मानना ​​था कि किसी व्यक्ति का वाहन चलाते समय किये जाने वाले व्यवहार में प्राय: अनुशासन, धैर्य और सामाजिक दायित्व का बोध झलकता है, इसलिए उसने शादी की अनुमति देने से पहले पुराने चालानों के बारे में जानकारी ली।

जांच के बाद, पुलिस को वाहनों से संबंधित कोई लंबित चालान या गंभीर यातायात उल्लंघन नहीं मिला।

अधिकारी ने कहा कि उन्हें इस असामान्य अनुरोध से सुखद आश्चर्य हुआ और उन्होंने इस व्यक्ति की उनकी बेटी के लिए पति ढूंढते समय जिम्मेदारी भरा और व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाने की सराहना की।

भाषा तान्या माधव

माधव


लेखक के बारे में