उदयपुर में निर्माणाधीन पुलिया पर मोटरसाइकिल के पाइप से टकराने से पिता की मौत, बेटा घायल
उदयपुर में निर्माणाधीन पुलिया पर मोटरसाइकिल के पाइप से टकराने से पिता की मौत, बेटा घायल
उदयपुर, आठ जून (भाषा) राजस्थान के उदयपुर जिले में निर्माणाधीन पुलिया पर मोटरसाइकिल के सीमेंट पाइप से टकराने के कारण उस पर सवार 50 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा घायल हो गया।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि यह हादसा उस समय हुआ जब परिवार अस्पताल की ओर जा रहा था। हादसा रविवार देर रात उमरड़ा-अंबुआ रोड पर हुआ।
पुलिस के अनुसार, परिवार के सदस्य अस्पताल जा रहे थे क्योंकि व्यक्ति की नाबालिग बेटी ने कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास किया था। व्यक्ति की बेटी को उसका बड़ा बेटा और एक अन्य रिश्तेदार मोटरसाइकिल पर अस्पताल ले जा रहे थे, जबकि व्यक्ति और उसका 24 वर्षीय दूसरा बेटा दूसरी बाइक पर पीछे-पीछे जा रहे थे।
पुलिस उपाधीक्षक जगदीश बिश्नोई ने बताया कि खराब रोशनी और खुदी हुई सड़क के कारण बाइक नियंत्रण खो बैठी और गड्ढे में गिरकर निर्माण स्थल पर रखे बड़े सीमेंट पाइप से टकरा गई। व्यक्ति को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि बेटा घायल है और उसका इलाज चल रहा है।
सोमवार सुबह व्यक्ति के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिया निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि सड़क पूरी तरह खुदी हुई थी तथा वहां उचित रोशनी और सुरक्षा इंतजाम नहीं थे।
इस बीच, 17 वर्षीय लड़की की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया है।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत

Facebook


