छात्रा की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर महिला कॉलेज की छात्राओं का प्रदर्शन
छात्रा की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर महिला कॉलेज की छात्राओं का प्रदर्शन
जम्मू, 20 अप्रैल (भाषा) पिछले सप्ताह चलती बस से गिरकर एक छात्रा की जान जाने के मामले में न्याय की मांग को लेकर सोमवार को यहां गांधी नगर स्थित सरकारी महिला कॉलेज की सैकड़ों छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
गांधी नगर स्थित सरकारी महिला कॉलेज (जीसीडब्ल्यू) की चौथे सेमेस्टर की छात्रा अंजलि चौधरी की बृहस्पतिवार को उस समय मौत हो गई थी, जब वह कॉलेज पिकनिक के लिए पटनीटॉप जा रही थी और उधमपुर में गलती से चलती बस से नीचे गिर गई।
विरोध कर रही छात्राओं ने कक्षाओं का बहिष्कार किया और व्यस्त सड़क पर धरने पर बैठ गईं। छात्राओं ने नारेबाजी करते हुए छात्रा की मौत के लिए कथित लापरवाही के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
छात्राओं ने संबंधित शिक्षकों के निलंबन की मांग करते हुए आरोप लगाया कि उनकी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
उन्होंने कॉलेज प्रशासन से उनकी चिंताओं पर ध्यान देने की भी अपील की।
प्रदर्शनकारी एक छात्रा ने पत्रकारों से कहा, ‘हम चाहते हैं कि शिक्षक यहां आएं, लेकिन वे हमसे बात करने बाहर नहीं आ रहे हैं। हम प्रशासन से कार्रवाई और न्याय की मांग करते हैं। अंजलि की मौत के पीछे की लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। हम उनका निलंबन चाहते हैं।’
इस प्रदर्शन के कारण राजमार्ग पर करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर आवाजाही बहाल कराई।
भाषा सुमित नरेश
नरेश

Facebook


