नशे के खिलाफ लड़ाई पंजाब से नहीं, गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह से शुरू होनी चाहिए: केजरीवाल
नशे के खिलाफ लड़ाई पंजाब से नहीं, गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह से शुरू होनी चाहिए: केजरीवाल
नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान संबंधी टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस संबंध में लड़ाई पंजाब से नहीं बल्कि गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह से शुरू होनी चाहिए।
केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘नशे के खिलाफ लड़ाई पंजाब से नहीं बल्कि मुंद्रा बंदरगाह से शुरू होनी चाहिए।’’
नवीन ने शुक्रवार को एक पोस्ट में कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनसे कहा है कि नशे के खिलाफ लड़ाई पंजाब की धरती से शुरू होनी चाहिए क्योंकि राज्य के युवा और उनका भविष्य खतरे में हैं।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘अगर आपको पंजाब की जरा भी चिंता है तो गुजरात से आने वाले नशे को रोकिए।’’
पंजाब में अगले साल फरवरी में विधानसभा चुनाव होने हैं।
भाजपा ने 17 सितंबर को पठानकोट से अपनी ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ शुरू की थी। नवीन ने एकता स्थल से राज्यव्यापी नशा विरोधी चार यात्राओं में से पहली को रवाना किया था।
भाजपा सूत्रों के अनुसार 13 दिन चलने वाला यह अभियान पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीट से होकर करीब चार हजार किलोमीटर की दूरी तय करेगा और खासकर युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता पैदा करेगा।
चारों यात्राओं का समापन 30 सितंबर को जालंधर में एक रैली के साथ होगा, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लोगों को संबोधित करेंगे।
भाषा राखी अविनाश
अविनाश

Facebook


