फिल्म निर्माता आशुतोष गोवारिकर को 57वें इफ्फी के लिए महोत्सव निदेशक नियुक्त किया गया
फिल्म निर्माता आशुतोष गोवारिकर को 57वें इफ्फी के लिए महोत्सव निदेशक नियुक्त किया गया
नयी दिल्ली, एक मई (भाषा) फिल्म निर्माता आशुतोष गोवारिकर को भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के 57वें संस्करण के लिए महोत्सव निदेशक नियुक्त किया गया है। गोवारिकर को ‘लगान’, ‘स्वदेस’ और ‘जोधा अकबर’ जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है।
गोवारिकर फिल्म निर्माता शेखर कपूर का स्थान लेंगे। यह महोत्सव प्रत्येक वर्ष गोवा में आयोजित किया जाता है। इसके 55वें और 56वें संस्करण की अध्यक्षता कपूर ने की थी।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि गोवारिकर एक प्रख्यात फिल्म निर्माता हैं और उन्होंने भारतीय सिनेमा में विशिष्ट योगदान दिया है।
मंत्रालय ने कहा, ‘इफ्फी के साथ उनका जुड़ाव कई दशकों से है, जो सिनेमाई कला के विकास और अंतरराष्ट्रीय फिल्म संस्कृति के साथ उनके गहरे जुड़ाव को दर्शाता है।’
गोवारिकर ने कहा, ‘मैं इस महोत्सव के विकास का साक्षी बनकर खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। वर्ष 1984 में इसमें शामिल होने से लेकर वर्षों मैं इससे जुड़ा रहा। वर्ष 2024 में मैंने अंतरराष्ट्रीय सिनेमा के लिए जूरी अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दीं।’
फिल्म निर्देशक गोवारिकर (62) ने कहा कि महोत्सव की विरासत को आगे बढ़ाना सम्मान और जिम्मेदारी दोनों है।
उन्होंने कहा, ‘वर्ष 1952 से लेकर अब तक अनगिनत महोत्सव टीमों द्वारा दशकों से स्थापित, पोषित और विस्तारित की गई विरासत को आगे बढ़ाना सम्मान की बात है। इसके साथ जिम्मेदारी का एक नया आभास भी जुड़ा है। मैं सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और गोवा सरकार के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं।’
इस फिल्म महोत्सव की शुरूआत 1952 में हुई थी और इसी के साथ यह एशिया के प्रमुख फिल्म समारोहों में से एक है तथा वैश्विक सिनेमा में उत्कृष्टता प्रदर्शित करने और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य करता है।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश

Facebook


