बेंगलुरु में दो जुड़वां बेटियों की हत्या के आरोप में महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

बेंगलुरु में दो जुड़वां बेटियों की हत्या के आरोप में महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

बेंगलुरु में दो जुड़वां बेटियों की हत्या के आरोप में महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
Modified Date: September 2, 2026 / 11:13 am IST
Published Date: September 2, 2026 11:13 am IST

बेंगलुरु, दो सितंबर (भाषा) बेंगलुरु में एक महिला के खिलाफ अपनी चार महीने की जुड़वां बेटियों की कथित तौर पर हत्या करने और इसके बाद खुदकुशी की कोशिश करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना मंगलवार को वजाराहल्ली स्थित महिला के घर में हुई थी।

पुलिस ने बताया कि उमा देवी (40) अपने पति रामलिंगप्पा, जुड़वां बेटियों और सास के साथ रह रही थीं और उसके पति रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े हैं।

पुलिस के मुताबिक, रामलिंगप्पा ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने 2002 में देवी से शादी की थी और दोनों का वैवाहिक जीवन सामान्य एवं सौहार्दपूर्ण था। दंपति के कोई संतान नहीं थी, इसलिए उन्होंने आईवीएफ उपचार कराया। उपचार के बाद देवी गर्भवती हुईं और पांच मई, 2026 को उसने जुड़वां बच्चियों को जन्म दिया।

शिकायतकर्ता ने बताया कि प्रसव के लगभग डेढ़ महीने बाद देवी का बच्चों में रुचि लेना कम हो गया था और वह बार-बार कहती थीं कि बच्चियों को किसी आश्रम में भेज देना चाहिए।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसके साथ ही उसके व्यवहार में भी असामान्य बदलाव आने लगा था और उसका राघवेंद्र अस्पताल और निमहंस में मनोरोग संबंधी उपचार भी कराया गया था।

पुलिस अधिकारी के अनुसार चिकित्सकों ने परिवार को बताया था कि प्रसव के बाद होने वाले अवसाद (पोस्टपार्टम डिप्रेशन) और हार्मोनल असंतुलन के कारण उसके व्यवहार में बदलाव आया था।

अधिकारी ने बताया कि एक सितंबर को जब रामलिंगप्पा दोपहर में घर लौटे तो उन्होंने देखा कि देवी ने खुद को एक कमरे के अंदर बंद कर रखा था। दरवाजा खोलने के बाद उन्होंने देखा कि देवी गले में दुपट्टा डालकर फांसी लगाने की कोशिश कर रही थीं और उन्होंने उसे बचा लिया।

पुलिस के अनुसार, उसी कमरे में दोनों जुड़वां बच्चियां मृत मिलीं। शंकर अस्पताल के डॉक्टरों ने बच्चियों की जांच की और आशंका जताई कि उनकी मौत डूबने के कारण हुई है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि देवी ने दोनों बच्चियों की हत्या की और इसके बाद खुदकुशी करने की कोशिश की।

पुलिस ने बताया कि रामलिंगप्पा की शिकायत के आधार पर तलघट्टापुरा थाने में उसकी पत्नी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।

भाषा गोला देवेंद्र

देवेंद्र


लेखक के बारे में