‘‘प्ले स्कूल’’ में बच्ची का यौन उत्पीड़न, प्राथमिकी दर्ज

‘‘प्ले स्कूल’’ में बच्ची का यौन उत्पीड़न, प्राथमिकी दर्ज

‘‘प्ले स्कूल’’ में बच्ची का यौन उत्पीड़न, प्राथमिकी दर्ज
Modified Date: September 9, 2026 / 06:40 pm IST
Published Date: September 9, 2026 6:40 pm IST

कोटा, नौ सितंबर (भाषा) राजस्थान के कोटा में एक ‘‘प्ले स्कूल’’ में बच्ची के कथित तौर पर यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने ‘‘प्ले स्कूल’’ के पुरुष कर्मचारियों और उन अन्य लोगों के भी डीएनए नमूने लिए हैं, जो बच्ची के संपर्क में आए थे।

लड़की के परिवार की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 30 अगस्त को उसने पेट में दर्द की शिकायत की थी। इलाज से आराम नहीं मिलने पर परिवार ने तीन सितंबर को एक महिला चिकित्सक से संपर्क किया। चिकित्सक ने बच्ची के शरीर पर कुछ निशान देखे, जिससे यौन शोषण की आशंका पैदा हुई।

पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने और मामले की जांच शुरू करने के निर्देश दिए।

पुलिस ने बताया कि बच्ची की जे.के. लोन अस्पताल में चिकित्सकीय जांच कराई गई और उससे लिए गए नमूने फोरेंसिक साइंस प्रयोगशाला (एफएसएल) भेजे गए हैं। शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट में स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई थी।

गौतम ने बताया कि दो साल नौ महीने की बच्ची यह स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही है कि उसके साथ क्या हुआ।

परिवार ने दावा किया कि जब बच्ची को स्कूल के कर्मचारियों, खासकर सफाईकर्मी, के सामने लाया गया तो वह डरी हुई लग रही थी और अपनी मां से चिपक गई।

गौतम ने बताया कि पुलिस ने पिछले 10 दिनों के स्कूल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की है, लेकिन अभी तक कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है।

पुलिस ने बताया कि एफएसएल और डीएनए रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भाषा तान्या अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में