यूट्यूब वीडियो में केरल के मंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले मे प्राथमिकी दर्ज
यूट्यूब वीडियो में केरल के मंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले मे प्राथमिकी दर्ज
मलप्पुरम (केरल), 16 जुलाई (भाषा) यूट्यूब पर एक वीडियो में केरल के उद्योग मंत्री पी. के. कुन्हालीकुट्टी के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
मलप्पुरम साइबर पुलिस ने ‘ब्रह्मा कॉग्निशन’ नाम के एक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए वीडियो को लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, वीडियो में मंत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां की गईं।
पुलिस का आरोप है कि वीडियो में आपत्तिजनक भाषा इस्तेमाल करने के साथ-साथ मंत्री के संदर्भ में ‘हलाल’ और ‘हराम’ जैसे शब्दों का उपयोग किया गया, जिससे धार्मिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।
अधिकारियों ने बताया कि हालांकि यूथ लीग के नेताओं ने पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन केरल पुलिस के ‘साइबरडोम’ द्वारा वीडियो और उसकी सामग्री पर ध्यान दिलाए जाने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस ने बताया कि यूट्यूब चैनल के संचालकों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।
भाषा जोहेब नरेश
नरेश

Facebook


