कोलकाता में भारी बारिश, 19 जुलाई तक जारी रहने का अनुमान
कोलकाता में भारी बारिश, 19 जुलाई तक जारी रहने का अनुमान
कोलकाता, 16 जुलाई (भाषा) उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव वाले क्षेत्र के कारण बृहस्पतिवार को कोलकाता और आसपास के जिलों में भारी बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
आईएमडी ने बताया कि यह प्रणाली और मजबूत होकर स्पष्ट कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल सकती है और इसके प्रभाव से 19 जुलाई तक भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है।
विभाग ने कहा कि 19 और 20 जुलाई को दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। यह प्रणाली पश्चिम बंगाल से होते हुए उत्तर दिशा की ओर बढ़ेगी।
आईएमडी ने पश्चिम बंगाल तट के पास और उससे लगे समुद्री क्षेत्रों में शनिवार सुबह तक मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। साथ ही दार्जिलिंग और कलिम्पोंग के पहाड़ी जिलों में भूस्खलन की आशंका को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
विभाग ने बताया कि तट के आसपास तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिनकी रफ्तार 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है और कभी-कभी झोंकों के साथ यह 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
हालांकि, राज्य के विभिन्न हिस्सों में व्यापक बारिश के बावजूद रथ यात्रा समारोह प्रभावित नहीं हुए और वे निर्बाध रूप से जारी रहे।
कई स्थानों पर भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की प्रतिमाओं को फूलों से सजे रथों पर निकाला गया। राज्य में सबसे बड़े आयोजन हुगली जिले के महेश और नदिया जिले के मायापुर में हुए।
भाषा
शुभम मनीषा
मनीषा

Facebook


