केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को जान की धमकी देने के मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को जान की धमकी देने के मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
गया जी (बिहार), 21 मई (भाषा) केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने और उन्हें जान से मारने की धमकी देने के आरोप में बिहार के गया जी जिले में एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें राजेश राव उर्फ सरदार नामक व्यक्ति को मंत्री के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए देखा जा सकता है। बताया गया कि यह टिप्पणी मंत्री द्वारा मोहनपुर थाना के एक उपनिरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग किए जाने के बाद की गई थी।
मांझी ने सोमवार को बाराचट्टी से विधायक ज्योति मांझी के काफिले पर हमले और सुरक्षा में चूक के मामले में मोहनपुर थाने के उपनिरीक्षक के खिलाफ समयबद्ध और सख्त कार्रवाई की मांग की थी। ज्योति मांझी केंद्रीय मंत्री की रिश्तेदार हैं।
उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के आवासों का घेराव किया जाएगा।
गया जी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, जिले के साइबर थाना द्वारा सोशल मीडिया निगरानी के दौरान फेसबुक पर एक वीडियो संज्ञान में आया, जिसमें एक व्यक्ति को जीतन राम मांझी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करते, जान से मारने की धमकी देते और आपत्तिजनक टिप्पणियां करते देखा गया।
बयान में कहा गया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, वीडियो से समाज में जातीय तनाव फैलने, शांति व्यवस्था भंग होने और विधि-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी।
वीडियो में आरोपी व्यक्ति ने कथित तौर पर मांझी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। उसने जाति विशेष के पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर मांझी को चेतावनी दी थी तथा हमला किए जाने जैसी बातें कही थीं।
भाषा कैलाश
मनीषा धीरज
धीरज

Facebook


