बेहला पश्चिम सीट से तृणमूल उम्मीदवार रत्ना चट्टोपाध्याय पर तोड़फोड के मामले में प्राथमिकी दर्ज

बेहला पश्चिम सीट से तृणमूल उम्मीदवार रत्ना चट्टोपाध्याय पर तोड़फोड के मामले में प्राथमिकी दर्ज

बेहला पश्चिम सीट से तृणमूल उम्मीदवार रत्ना चट्टोपाध्याय पर तोड़फोड के मामले में प्राथमिकी दर्ज
Modified Date: April 6, 2026 / 03:04 pm IST
Published Date: April 6, 2026 3:04 pm IST

कोलकाता, छह अप्रैल (भाषा) दक्षिण कोलकाता के पर्णश्री इलाके में कथित तोड़फोड़ के मामले में पश्चिम बंगाल के बेहला पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार रत्ना चट्टोपाध्याय और छह अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

आगामी विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान पर्णश्री इलाके में कथित तोड़फोड़ की शिकायतों के बाद पांच अप्रैल को यह मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘तृणमूल उम्मीदवार रत्ना चट्टोपाध्याय रविवार को पर्णश्री इलाके में तोड़फोड़ के मामले में शामिल पाई गईं। उसी दिन, पांच अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। पूरे घटनाक्रम और प्राथमिकी में नामजद लोगों की भूमिका का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।’’

पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘भाजपा नेता मनोज हलदर द्वारा चट्टोपाध्याय और छह अन्य के खिलाफ शिकायत करने के बाद यह मामला दर्ज किया गया। अपनी शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल के सात कार्यकर्ताओं ने उन्हें और अन्य लोगों को गलत तरीके से रोका, उनके एक सहयोगी के साथ मारपीट की और उनके पार्टी कार्यालय से लैपटॉप समेत अन्य सामान चुरा लिये।”

अधिकारी ने कहा, ‘‘हलदर ने दावा किया कि आरोपियों ने पार्टी कार्यालय के सामने लगे झंडों और बैनरों को नुकसान पहुंचाकर इलाके में भी तोड़फोड़ की।’’

रविवार को बेहला पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार इंद्रनील खान ने पर्णश्री थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने पार्टी के चुनाव कार्यालय में तोड़फोड़ की।

भारत निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि उसने जिला प्रशासन से इस मामले में रिपोर्ट मांगी है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। आचार संहिता के किसी भी उल्लंघन पर कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।’’

आरोपों पर चट्टोपाध्याय या तृणमूल कांग्रेस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

दक्षिण 24 परगना जिले में स्थित बेहला पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में मतदान 29 अप्रैल को होना है।

भाषा जोहेब सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में