सपा प्रमुख की बेटी की आपत्तिजनक तस्वीर पोस्ट करने को लेकर प्राथमिकी दर्ज

सपा प्रमुख की बेटी की आपत्तिजनक तस्वीर पोस्ट करने को लेकर प्राथमिकी दर्ज

सपा प्रमुख की बेटी की आपत्तिजनक तस्वीर पोस्ट करने को लेकर प्राथमिकी दर्ज
Modified Date: February 22, 2026 / 09:48 pm IST
Published Date: February 22, 2026 9:48 pm IST

नोएडा(उप्र), 22 फरवरी (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी की कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई एक तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मामले में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अदालत के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। गौतमबुद्ध नगर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने रविवार को यह जानकारी दी।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज भाटी (बोड़ाकी) ने बताया कि इस सिलसिले में रविवार को सूरजपुर थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई।

उन्होंने बताया कि सपा प्रमुख की बेटी की छेड़छाड़ की गई तस्वीर ‘एक्स’ और फेसबुक पर साझा की गई थी।

बोड़ाकी ने दावा किया कि इस सिलसिले में 30 दिसंबर को सूरजपुर थाने में लिखित शिकायत दी गई थी और बाद में पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) से भी एक जनवरी को संपर्क किया गया था।

उन्होंने बताया कि मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने पर अदालत का रुख किया गया और गौतमबुद्ध नगर के अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर सूरजपुर थाने में 22 फरवरी को सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम सहित अन्य संबद्ध धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

वहीं, पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि थाना सूरजपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाषा

सं. शोभना सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में