इंडिगो की बेंगलुरु-अहमदाबाद उड़ान में बम रखे होने की झूठी धमकी मिलने पर प्राथमिकी दर्ज

इंडिगो की बेंगलुरु-अहमदाबाद उड़ान में बम रखे होने की झूठी धमकी मिलने पर प्राथमिकी दर्ज

इंडिगो की बेंगलुरु-अहमदाबाद उड़ान में बम रखे होने की झूठी धमकी मिलने पर प्राथमिकी दर्ज
Modified Date: July 17, 2026 / 12:33 pm IST
Published Date: July 17, 2026 12:33 pm IST

बेंगलुरु, 17 जुलाई (भाषा) बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इंडिगो की उड़ान के अहमदाबाद के लिए निर्धारित प्रस्थान से पूर्व उसमें बम होने की झूठी धमकी मिलने पर शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि 16 जुलाई को रात आठ बजे इंडिगो की उड़ान 6ई-6423 यहां से प्रस्थान करने वाली थी, उससे पूर्व यह घटना घटी।

पुलिस के अनुसार, शाम करीब सात बजकर 35 मिनट पर चालक दल के एक सदस्य को आगे के शौचालय में हाथ से लिखा एक नोट मिला, जिस पर लिखा था, ‘जाओ मत। बम है।’

पुलिस के मुताबिक इसके बाद तत्काल मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) लागू की गयी और विमान की अच्छी तरह से तलाशी की गई लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

इंडिगो ने केएआईएल थाने में शिकायत दर्ज करायी है कि इस धमकी की वजह से काफी परेशानी हुई और यात्रियों, चालक दल और एयरलाइन की सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा हुई।

शिकायत में कहा गया है, ‘‘हम आपसे अनुरोध करते हैं कि आप इस घटना की जांच में सहायता करें, ताकि जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान की जा सके और उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जा सके।’’

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है और जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान करने एवं झूठी धमकी के पीछे का मकसद पता लगाने के लिए जांच चल रही है।

भाषा

राजकुमार वैभव

वैभव


लेखक के बारे में