हिसार में हरियाणा के पूर्व मंत्री कमल गुप्ता के आवास में आग लगी

हिसार में हरियाणा के पूर्व मंत्री कमल गुप्ता के आवास में आग लगी

हिसार में हरियाणा के पूर्व मंत्री कमल गुप्ता के आवास में आग लगी
Modified Date: May 25, 2026 / 04:05 pm IST
Published Date: May 25, 2026 4:05 pm IST

हिसार, 25 मई (भाषा) हरियाणा के पूर्व मंत्री कमल गुप्ता के हिसार स्थित आवास में आग लग गई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

बताया जा रहा है कि बालसमंद रोड स्थित मकान की पहली मंजिल पर बने ‘ड्राइंग रूम’ में रविवार को आग लग गई। घटना के सटीक कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका है।

अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय गुप्ता का परिवार मकान के अंदर मौजूद था, लेकिन सभी सुरक्षित बच निकले।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और स्वास्थ्य एवं शहरी स्थानीय निकाय मामलों के पूर्व मंत्री गुप्ता ने बताया कि आग लगने के समय वह, उनकी पत्नी और उनकी मां दूसरे कमरे में थे।

उन्होंने बताया कि ‘ड्राइंग रूम’ बंद था और वहां अचानक आग लग गई।

गुप्ता के अनुसार, उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए आवास खाली कराया और अपनी पत्नी तथा मां को पड़ोसी की छत से सुरक्षित नीचे उतारा।

गुप्ता ने बताया कि शाम लगभग चार बजे धुआं और आग की लपटें देखी गईं, जिसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

घटना का विवरण देते हुए पूर्व मंत्री ने कहा, ‘‘इस घटना में कुछ सामान नष्ट हुआ है, लेकिन जानें बच गई हैं।’’ उन्होंने कहा कि आग से ‘ड्राइंग रूम’ में रखे फर्नीचर और अन्य सामान को व्यापक क्षति पहुंची।

गुप्ता के मुताबिक, प्रारंभिक जांच से शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि सटीक कारण की पुष्टि होना अभी बाकी है।

भाषा

देवेंद्र पारुल

पारुल


लेखक के बारे में