नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार को एक रेस्तरां के बेसमेंट में आग लग गई, जिसके बाद वहां फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दिल्ली दमकल सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, आग सुबह करीब आठ बजकर 50 मिनट पर लेमन ग्रीन रेस्तरां में लगी। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।
डीएफएस के एक अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही शुरुआती प्रतिक्रिया के तहत पानी की दो गाड़ियां, दो बड़े पानी के टैंक, एक त्वरित प्रतिक्रिया वाहन और अन्य अग्निशमन इकाइयों को घटनास्थल पर रवाना किया गया।
आग बुझाने के अभियान के दौरान दमकलकर्मी बेसमेंट में पहुंचे और वहां फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
अधिकारी ने बताया कि तीनों को इलाज के लिए केंद्रीकृत दुर्घटना एवं आघात सेवाएं (कैट्स) की एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया। उनकी स्थिति के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
भाषा
प्रचेता रंजन
रंजन