मणिपुर में तलाशी अभियान के दौरान आग्नेयास्त्र, विस्फोटक बरामद
मणिपुर में तलाशी अभियान के दौरान आग्नेयास्त्र, विस्फोटक बरामद
इंफाल, 30 जून (भाषा) मणिपुर के दो जिलों में चलाए गए तलाशी अभियानों के दौरान कम से कम नौ आग्नेयास्त्र, विस्फोटक और बड़ी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, ये बरामदगियां सोमवार को जिरीबाम और बिष्णुपुर जिलों में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए समन्वित अभियानों के दौरान की गईं।
जिरीबाम जिले में जिरीबाम थाना क्षेत्र के चंपानगर के जंगल से सुरक्षा बलों ने छह सेल्फ-लोडिंग राइफल (एसएलआर), एक एके-सीरीज राइफल, पांच मैगजीन और विभिन्न बोर के 625 कारतूस बरामद किए।
वहीं, बिष्णुपुर जिले के मोइरांग थाना क्षेत्र के फुबाला पैटन के निकट चलाए गए एक अलग अभियान में सुरक्षा बलों ने एक आरपीजी लॉन्चर, मैगजीन समेत दो .32 बोर की पिस्तौल, दो हथगोले, दो लाथोड बम, दो आरपीजी ग्रेनेड, एक आईईडी, गोला-बारूद तथा एक डेटोनेटर बरामद किया।
पुलिस ने बताया कि अवैध हथियारों की बरामदगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में तलाशी अभियान लगातार जारी है।
भाषा गोला वैभव
वैभव

Facebook


