गायक फाजिलपुरिया के लिए काम करने वाले कार्यक्रम आयोजक के आवास पर गोलीबारी, कांस्टेबल घायल

गायक फाजिलपुरिया के लिए काम करने वाले कार्यक्रम आयोजक के आवास पर गोलीबारी, कांस्टेबल घायल

गायक फाजिलपुरिया के लिए काम करने वाले कार्यक्रम आयोजक के आवास पर गोलीबारी, कांस्टेबल घायल
Modified Date: May 3, 2026 / 09:50 pm IST
Published Date: May 3, 2026 9:50 pm IST

गुरुग्राम, तीन मई (भाषा) गुरुग्राम के कन्हाई गांव में कथित तौर पर गैंगस्टर दीपक नंदल से जुड़े दो मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गायक राहुल फाजिलपुरिया के लिए काम करने वाले एक कार्यक्रम आयोजक के आवास पर गोलीबारी की, जिसमें सुरक्षा के लिए तैनात एक पुलिस कांस्टेबल घायल हो गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि सौरभ यादव के आवास पर हुए हमले में कांस्टेबल कुलबीर को हाथ और पैर में गोली लगी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसने बताया कि उसकी हालत खतरे से बाहर है।

पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने तीन राउंड गोलियां चलाईं और हमले के बाद अपनी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि हमलावरों ने कथित तौर पर यादव को निशाना बनाया, लेकिन गोलीबारी के दौरान उनके साथ मौजूद कांस्टेबल को गोली लग गई। उन्होंने बताया कि दो गोलियां कुलबीर के हाथ और पैर को छूते हुए निकल गईं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि यादव और नंदल एक दूसरे को जानते थे और पैसों को लेकर उनके बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद गैंगस्टर ने कथित तौर पर उन्हें धमकी दी थी।

अधिकारी ने कहा, ‘ऐसा प्रतीत होता है कि गोलीबारी दीपक नंदल से जुड़े शूटरों ने की।’

एक अन्य घटना में गुरुग्राम में अमेरिका से हाल ही में लौटे 45 वर्षीय एक व्यक्ति ने कथित तौर पर सेक्टर 65 स्थित एक ऊंची इमारत की आठवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृत व्यक्ति निशांत ‘एम3एम एमराल्ड हिल्स सोसाइटी’ का निवासी था, अपनी पत्नी से हुए विवाद के बाद कथित तौर पर अवसादग्रस्त होने पर 28 अप्रैल को गुरुग्राम आया था।

उसने बताया कि घटनास्थल से कोई ‘सुसाइड नोट’ नहीं मिला।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि निशांत वैवाहिक समस्याओं से जूझ रहा था, जिसके कारण वह अवसादग्रस्त हो गया था। वह गुरुग्राम लौट आया और शनिवार शाम करीब 7:30 बजे अपने सोसाइटी भवन से कूदकर आत्महत्या कर ली।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में