ओडिशा में एमबीबीएस प्रथम वर्ष का छात्र लापता, तलाश जारी
ओडिशा में एमबीबीएस प्रथम वर्ष का छात्र लापता, तलाश जारी
बेरहामपुर (ओडिशा), दो सितंबर (भाषा) ओडिशा के गंजाम जिले में एक मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस प्रथम वर्ष का एक छात्र लापता हो गया जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, सोमवार से लापता छात्र की पहचान सागर साहू के रूप में हुई है। वह जाजपुर जिले के कुआखिया के पास कपलाई का रहने वाला था।
एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के छात्र सागर को आखिरी बार बेरहामपुर रेलवे स्टेशन पर देखा गया था, जहां से बाद में पुलिस ने उसका मोबाइल फोन बरामद किया।
बेरहामपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सरवण विवेक एम. ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के डीन एवं प्राचार्य हरि कृष्ण दलाई द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर बैद्यनाथपुर थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारी ने बताया, ‘‘हमने रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज की जांच की है और अन्य थानों को भी सूचित कर दिया है।’’
उन्होंने कहा कि छात्र का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
छात्र के एक रिश्तेदार करुणाकर साहू ने बताया कि उन्होंने शनिवार को सागर से और रविवार को उसके माता-पिता से बात की थी।
करुणाकर ने बताया कि सागर ने शनिवार रात अपने गांव लौटने की इच्छा जताई थी, लेकिन उसके माता-पिता ने उसे कॉलेज में ही रहने की सलाह दी थी क्योंकि चल रही थीं।
उन्होंने बताया कि सोमवार अपराह्न को जब सागर ने कई बार फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं दिया, तो उसके माता-पिता ने उसके एक दोस्त से संपर्क किया, जिसने उन्हें बताया कि सागर उस दिन परीक्षा में शामिल नहीं हुआ था और छात्रावास भी नहीं लौटा था।
करुणाकर ने बताया कि इसके बाद परिवार ने सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीर साझा की और विभिन्न स्थानों पर उसकी तलाश की।
भाषा प्रचेता माधव
माधव

Facebook


