पश्चिमी दिल्ली के एक पार्क में नाबालिग की हत्या के आरोप में पांच नाबालिग पकड़े

Ads

पश्चिमी दिल्ली के एक पार्क में नाबालिग की हत्या के आरोप में पांच नाबालिग पकड़े

  •  
  • Publish Date - February 11, 2026 / 05:00 PM IST,
    Updated On - February 11, 2026 / 05:00 PM IST

नयी दिल्ली, 11 फरवरी (भाषा) पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर इलाके में एक पार्क में नाबालिग की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में पांच नाबालिगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना नौ फरवरी को डीडीए पार्क में हुई थी, जहां पीड़ित नाबालिग की पीठ के ऊपरी हिस्से में चाकू से वार किया गया था। इसके बाद इस संबंध में मामला दर्ज किया गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआत में कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिला था, जिसके बाद पूरे मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की गई।

टीम ने पार्क में लगे सीसीटीवी की फुटेज का विश्लेषण किया और पांच नाबालिगों की पहचान की।

पुलिस ने जुटाई गई जानकारी के आधार पर मुख्य आरोपी 16 वर्षीय लड़के का पता लगाकर उसे पकड़ा। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथियों की भूमिका का खुलासा किया और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद किया।

इसके बाद 16 से 17 वर्ष के चार अन्य नाबालिगों को भी पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सभी पांचों नाबालिगों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

अधिकारी ने बताया कि हत्या के पीछे की वजह और घटना के क्रम की पुष्टि के लिए आगे की जांच जारी है।

भाषा तान्या पवनेश

पवनेश