भुवनेश्वर, 26 अगस्त (भाषा) ओडिशा की पांच नाबालिग आदिवासी लड़कियों को हैदराबाद से बचाया गया है। मानव तस्करी के इस मामले में मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि लड़कियां कंध और सौरा समेत आर्थिक रूप से कमजोर आदिवासी समुदायों से ताल्लुक रखती हैं और उन्होंने पढ़ाई छोड़ दी थी।
मामला तब सामने आया जब स्थानीय सरपंच ने 17 अगस्त को गजपति जिले के अडवा थाने में शिकायत दर्ज कराई कि इलाके की कई लड़कियों की मानव तस्करी की गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आर. उदयगिरी के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) राकेश कुमार साहू के नेतृत्व में जांच शुरू की।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान लड़कियों को हैदराबाद ले जाए जाने की विश्वसनीय सूचना मिली, जिसके बाद शहर में कई स्थानों पर तलाशी ली गई और पांचों लड़कियों को बचा लिया गया।
पुलिस ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि लड़कियों की आधार संबंधी जानकारी में कथित तौर पर हेरफेर कर उन्हें वयस्क दिखाया गया, जिससे उनकी तस्करी को आसान बनाया जा सके।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी राजकुमार बस्त्रे को गिरफ्तार कर लिया गया है।
साहू ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मानव तस्करी के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने, संभावित अन्य पीड़ितों का पता लगाकर उन्हें बचाने और सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए जांच जारी है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इन नाबालिग लड़कियों का स्वास्थ्य, सुरक्षा और शिक्षा अब हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम उनका उचित पुनर्वास सुनिश्चित करने और उनके अधिकार बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’
भाषा राखी पवनेश
पवनेश