गुजरात में पीछा करने के दौरान सड़क हादसे में वन विभाग के अधिकारी, खैर की लकड़ी के तस्कर की मौत
गुजरात में पीछा करने के दौरान सड़क हादसे में वन विभाग के अधिकारी, खैर की लकड़ी के तस्कर की मौत
तापी, 20 जुलाई (भाषा) गुजरात के तापी जिले में सोमवार तड़के पीछा करने के दौरान वन विभाग के एक अधिकारी और खैर की लकड़ी के एक कथित तस्कर की गाड़ी एक ट्रक से टकरा गई, जिससे उन दोनों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
निजार डिविजन के पुलिस उपाधीक्षक आई.एन. परमार ने बताया कि यह घटना उस वक्त हुई जब कथित तस्कर खैर की लकड़ियों से भरी इनोवा गाड़ी में तापी रेंज के वन क्षेत्र से भागने की कोशिश कर रहे थे।
परमार ने कहा, “खैर की तस्करी की सूचना मिलने पर रेंज के वन अधिकारी विकास देसाई एक इनोवा का पीछा कर रहे थे। तड़के करीब तीन बजे वह इनोवा सोनगढ़ में आरटीओ चेक पोस्ट पर खड़े एक कंटेनर ट्रक से टकरा गई, जिससे उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। देसाई की बोलेरो भी उसी ट्रक से टकरा गई, जिससे उनकी भी मौत हो गई।”
उच्छल पुलिस थाने के एक अधिकारी ने दूसरे मृतक की पहचान रिहान गमित के तौर पर की और बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और खैर की लकड़ियां सड़क पर बिखर गईं।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस का दल मौके पर पहुंचा, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया।
राज्य के वन मंत्री अर्जुन मोढवाडिया ने देसाई की मौत पर दुख जताया और इसे विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
मोढवाडिया ने कहा, “पाटन जिले के चनास्मा तालुका के भटसार गांव के रहने वाले देसाई ने हिम्मत दिखाते हुए तस्करों की गाड़ी का पीछा किया और एक हादसे में उनकी मौत हो गई। दिवंगत आरएफओ ने अपनी ड्यूटी के प्रति निष्ठा और जिम्मेदारी की पक्की भावना के साथ तुरंत कार्रवाई की। तस्करों की गाड़ी का पीछा करते हुए एक दुखद हादसे में वह शहीद हो गए।”
मंत्री ने कहा कि जंगलों और प्रकृति की रक्षा के लिए अपनी जान देने वाले ऐसे निडर अधिकारी पूरे वन परिवार के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेंगे।
भाषा प्रशांत सुरेश
सुरेश

Facebook


