बीजद के पूर्व सांसद देवाशीष सामंतराय भाजपा में शामिल, मोदी के नेतृत्व को सराहा

बीजद के पूर्व सांसद देवाशीष सामंतराय भाजपा में शामिल, मोदी के नेतृत्व को सराहा

बीजद के पूर्व सांसद देवाशीष सामंतराय भाजपा में शामिल, मोदी के नेतृत्व को सराहा
Modified Date: May 26, 2026 / 03:46 pm IST
Published Date: May 26, 2026 3:46 pm IST

(फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) के पूर्व राज्यसभा सदस्य देवाशीष सामंतराय मंगलवार को यहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए और कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के व्यक्तित्व और काम से प्रेरित हैं।

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पार्टी में शामिल होते हुए सामंतराय ने मोदी का “आशीर्वाद” मिलने पर आभार जताया और कहा कि वह ओडिशा में भाजपा को और मजबूत बनाने तथा प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ विजन को साकार करने की दिशा में काम करेंगे।

इसके बाद उन्होंने पार्टी मुख्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता धर्मेन्द्र प्रधान भी मौजूद थे, जो ओडिशा की संभलपुर लोकसभा सीट से सांसद हैं।

बीजद अध्यक्ष और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के करीबी सहयोगी रहे सामंतराय ने सोमवार को पार्टी और राज्यसभा सदस्यता दोनों से इस्तीफा दे दिया था।

उन्होंने आरोप लगाया था कि पार्टी में उन्हें “सुनियोजित तरीके से तिरस्कृत” किया जा रहा था।

सामंतराय ने अपने इस्तीफे के पत्र में लिखा, “मैं बीजद की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देता हूं। हाल के दिनों में मुझे महसूस हुआ कि पार्टी में मुझे सुनियोजित तरीके से तिरस्कृत किया जा रहा है और उसे मेरी सेवाओं की आवश्यकता नहीं है। इसलिए मैंने जनहित में यह कठिन फैसला लिया है और आपसे मेरा इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध करता हूं।”

इससे पहले बीजद के दो अन्य राज्यसभा सदस्यों सुजित कुमार और ममता महंत भी पार्टी छोड़ चुके हैं। बाद में दोनों भाजपा के टिकट पर राज्यसभा के लिए चुने गए।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने सामंतराय का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों और पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर लोग लगातार भाजपा से जुड़ रहे हैं। ओडिशा के प्रमुख नेता देवाशीष भी इसी कारण भाजपा में शामिल हुए हैं।”

उन्होंने कहा कि गरीब, किसान और महिलाओं समेत समाज के सभी वर्ग प्रधानमंत्री मोदी को उनकी कल्याणकारी नीतियों के कारण अपना “मसीहा” मानते हैं। भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में