कैलास मानसरोवर यात्रा करके लौटे डीआरडीओ के पूर्व प्रमुख ने नेपाल में बाढ़ से हुई तबाही पर दुख जताया
कैलास मानसरोवर यात्रा करके लौटे डीआरडीओ के पूर्व प्रमुख ने नेपाल में बाढ़ से हुई तबाही पर दुख जताया
हैदराबाद/अमरावती, 30 अगस्त (भाषा) कैलास मानसरोवर यात्रा पूरी कर रविवार को भारत लौटे रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के पूर्व अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश सरकार के सलाहकार जी. सतीश रेड्डी ने कहा कि नेपाल में अचानक आई बाढ़ के कारण सैकड़ों लोगों की मौत और बड़े पैमाने पर हुए नुकसान से वह बेहद दुखी हैं।
रेड्डी ने बताया कि वह 31 सदस्यीय एक समूह का हिस्सा थे, जिसमें तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, ब्रिटेन और अमेरिका के तीर्थयात्री शामिल थे। यह समूह 18 अगस्त को भारत से यात्रा के लिए रवाना हुआ था।
रेड्डी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “हालांकि, हमें व्यक्तिगत रूप से मानसरोवर और कैलाश के दर्शन का अच्छा अनुभव मिला, लेकिन इस दुखद घटना में सैकड़ों लोगों की जान चली गई और निजी तथा सरकारी संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा, यह वास्तव में बहुत परेशान करने वाला है।”
उन्होंने बताया कि बाढ़ आने से कुछ दिन पहले ही समूह केरुंग (ग्यिरोंग) मार्ग पार कर चुका था और जब आपदा की खबर आई, तब वह कैलाश पर्वत की परिक्रमा कर रहा था।
रेड्डी ने बताया कि अमेरिका और अन्य जगहों पर रहने वाले उनके कई दोस्तों ने उनसे संपर्क किया और नेपाल गए अपने रिश्तेदारों तथा परिचितों के बारे में जानकारी मांगी।
उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उम्मीद जताई कि लापता बताए जा रहे कई लोग सुरक्षित लौट आएंगे।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप

Facebook


