शबरिमला से सोना गायब होने के मामले के आरोपी एवं पूर्व टीडीबी अधिकारी मुरारी बाबू की मौत
शबरिमला से सोना गायब होने के मामले के आरोपी एवं पूर्व टीडीबी अधिकारी मुरारी बाबू की मौत
कोट्टायम (केरल), 13 जून (भाषा) शबरिमला मंदिर से सोना कथित तौर पर गायब होने से जुड़े मामलों में आरोपी त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) के पूर्व प्रशासनिक अधिकारी मुरारी बाबू की कोच्चि के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। बाबू के परिजनों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
वह 54 वर्ष के थे और पिछले तीन महीनों से कैंसर का इलाज करा रहे थे। उनकी शुक्रवार रात अमृता अस्पताल में मौत हो गई।
मुरारी बाबू को शबरिमला मंदिर में द्वारपालक की मूर्तियों और श्रीकोविल (गर्भगृह) की चौखटों से कथित तौर पर सोना गायब होने से जुड़े मामलों में पिछले साल गिरफ्तार किया गया था।
कोल्लम की सतर्कता अदालत ने 23 जनवरी को उन्हें दोनों मामलों में वैधानिक जमानत दे दी थी क्योंकि गिरफ्तारी के 90 दिन बीत जाने के बाद भी विशेष जांच दल (एसआईटी) आरोपपत्र दाखिल करने में नाकाम रहा था।
बाबू द्वारपालक मूर्तियों से कथित तौर पर सोना गायब होने से जुड़े मामले में दूसरे आरोपी थे तथा श्रीकोविल की चौखटों से कथित तौर पर सोना गायब होने से जुड़े मामले में वह छठे आरोपी थे।
उन्हें पिछले साल अक्टूबर में इस आरोप में गिरफ्तार किया गया था कि जब मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी ने द्वारपालक मूर्तियों और श्रीकोविल की चौखटों पर ‘इलेक्ट्रोप्लेटिंग’ यानी धातु पर सोने की परत चढ़ाने की प्रक्रिया का प्रस्ताव दिया तो बाबू ने यह प्रस्ताव टीडीबी को भेजा था।
उनके खिलाफ सोना गायब होने से जुड़ी साजिश के आरोप में मामला दर्ज किया गया था।
बाबू को जब गिरफ्तार किया गया, उस समय वह हरिपद में उप देवस्वओम आयुक्त के रूप में कार्यरत थे। मामला सामने आने के बाद उन्हें सेवा से निलंबित कर दिया गया था।
पूर्व पुलिस कांस्टेबल बाबू 1994 में केरल पुलिस में शामिल हुए थे और उन्होंने कन्नूर में प्रारंभिक प्रशिक्षण लिया था। हालांकि, बाद में उन्होंने पुलिस बल छोड़ दिया और 1997 में टीडीबी से जुड़ गए।
इसके बाद उन्हें एट्टुमानूर मंदिर में क्लर्क नियुक्त किया गया और बाद में उन्होंने देवस्वओम बोर्ड में विभिन्न पदों पर काम किया।
टीडीबी के अनुसार, बाबू ने वैकोम, एट्टुमानूर और तिरुनक्करा मंदिरों में मंदिर उत्सवों के विशेष अधिकारी के रूप में भी काम किया था।
भाषा सिम्मी शोभना
शोभना

Facebook


