बंगाल में भांगड़ बम विस्फोट मामले में मुख्य साजिशकर्ता एवं पूर्व तृणमूल विधायक गिरफ्तार : एनआईए

बंगाल में भांगड़ बम विस्फोट मामले में मुख्य साजिशकर्ता एवं पूर्व तृणमूल विधायक गिरफ्तार : एनआईए

बंगाल में भांगड़ बम विस्फोट मामले में मुख्य साजिशकर्ता एवं पूर्व तृणमूल विधायक गिरफ्तार : एनआईए
Modified Date: June 6, 2026 / 12:44 pm IST
Published Date: June 6, 2026 12:44 pm IST

नयी दिल्ली, छह जून (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक शौकत मोल्ला की पहचान पश्चिम बंगाल के भांगड़ बम विस्फोट मामले में मुख्य साजिशकर्ता के रूप में हुई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने शनिवार को एक बयान में कहा कि पूर्व विधायक मोल्ला को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जांच एजेंसी के अनुसार, मोल्ला लंबे समय से फरार था। एनआईए ने जांच के तहत व्यापक तलाश अभियान चलाया, जिसके बाद उसे दक्षिण 24 परगना जिले से गिरफ्तार किया गया।

यह विस्फोट 19 मार्च को देसी बम बनाने के दौरान हुआ था, जिसमें बम बना रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और कई अन्य लोग घायल हो गए थे।

अधिकारियों के अनुसार, मामले में गिरफ्तार किया गया चौथा आरोपी मोल्ला ही इस पूरी साजिश का मुख्य सूत्रधार था। एनआईए की जांच में सामने आया है कि उसी ने अन्य आरोपियों को बम बनाने का निर्देश दिया था।

उन्होंने कहा कि जांच में यह भी पता चला कि कैनिंग पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक मोल्ला ने विस्फोट के बाद अन्य आरोपियों को घटनास्थल के साक्ष्यों से छेड़छाड़ करने का भी निर्देश दिया था।

बयान के अनुसार, मोल्ला की गिरफ्तारी एक अन्य संदिग्ध की गिरफ्तारी के बाद हुई, जो विस्फोट के बाद अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में मृतक और घायलों को घटनास्थल से ले गया था।

एनआईए ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस मामले से जुड़ी कहीं कोई अन्य साजिश भी तो नहीं थी। गृह मंत्रालय के अनुरोध पर यह मामला राज्य पुलिस से लेकर एनआईए को सौंपा गया था।

भाषा गोला नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में