उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद कमला प्रसाद रावत का निधन
उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद कमला प्रसाद रावत का निधन
बाराबंकी (उप्र) 30 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री, दो बार सांसद और तीन बार विधायक रह चुके समाजवादी पार्टी के नेता कमला प्रसाद रावत (67) का लंबी बीमारी के बाद बृहस्पतिवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक अस्पताल में निधन हो गया।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार कमला प्रसाद रावत जिले के मेयो हॉस्पिटल में भर्ती थे। रावत काफी समय से गुर्दे की बीमारी से पीड़ित थे।
उन्होंने बताया कि रावत की डायलिसिस हो रही थी। वह पीजीआई, लखनऊ में भी भर्ती थे और डायलिसिस के बाद घर लौटे थे।
सूत्रों बताया कि बुधवार को उनकी तबीयत फिर बिगड़ी लिहाजा उन्हें अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता हुई।
उन्होंने बताया कि पीजीआई, लखनऊ में प्रयास करने के बाद भी उनको भर्ती नहीं कराया जा सका, लिहाजा उन्हें मेयो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया जहां बृहस्पतिवार-शुक्रवार की दरिमयानी रात करीब डेढ़ बजे उनकी मृत्यु हो गई।
थाना जहांगीराबाद क्षेत्र के ग्राम मुजफ्फरपुर गांव में छह जुलाई 1954 को जन्मे कमला रावत ने जिले के जवाहर लाल डिग्री कॉलेज से स्नातक की उपाधि प्राप्त की थी।
वर्ष 80 के दशक में उन्होंने राजनीति में कदम रखा। वर्ष 1984 में रावत कांग्रेस के टिकट पर बाराबंकी लोकसभा सीट से चुनाव लड़े और विजयी हुए। इसके बाद उन्होंने चुनावी राजनीति में लगातार सफलता हासिल की।
भाषा सं आनन्द धीरज
धीरज

Facebook


