बुराड़ी में ‘कैश कलेक्शन एजेंट’ से 4.18 लाख रुपये लूटने के आरोप में चार गिरफ्तार

Ads

बुराड़ी में ‘कैश कलेक्शन एजेंट’ से 4.18 लाख रुपये लूटने के आरोप में चार गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 09:48 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 09:48 PM IST

नयी दिल्ली, पांच मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को बताया कि बुराड़ी में एक ‘कैश कलेक्शन’ एजेंट से कथित तौर पर 4.18 लाख रुपये लूटने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना 27 अप्रैल को उत्तरी दिल्ली में घटी, जब 40 वर्षीय संदीप, स्वरूप नगर स्थित एक गोदाम से 4,18,600 रुपये लेने के बाद विभिन्न दुकानों से नकदी इकट्ठा करने जा रहा था।

उन्होंने बताया कि स्कूटर पर सवार दो लोगों ने जानबूझकर संदीप की मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, जिससे वह गिर गया और उसे मामूली चोटें आईं। कुछ ही देर बाद, उनके दो और साथी दूसरे स्कूटर पर आए और चारों ने नकदी से भरा कथित तौर पर बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘जांच में लगभग 35 किलोमीटर के क्षेत्र में लगे 1,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस ने संदिग्धों को कई स्थानों पर देखा, जिनमें हरियाणा जाने वाले और वापस दिल्ली आने वाले रास्ते भी शामिल थे।’

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार कपड़े बदलते और अपनी जगह बदलते रहते थे।

अधिकारी ने बताया कि आखिरकार तीन आरोपी समीर (25), कृष (22) और कपिल (19) को तीन मई को गिरफ्तार किया गया, जबकि उनके साथी शाहदाब उर्फ​​अमित (21) को बाद में अशोक विहार से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव