कोलकाता, सात सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में एक लड़के की हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार चार लोगों को रविवार को एक अदालत ने 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने छोटू मंडल, सुप्रिया भौमिक, कार्तिक मंडल और सुचित्रा मंडल को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
तेहट्टा के निश्चिंतपुर इलाके में यह लड़क शुक्रवार को लापता हो गया था तथा शनिवार सुबह एक तालाब में उसका शव मिला था। उसके माता-पिता द्वारा पड़ोसी दंपत्ति पर उसकी हत्या का आरोप लगाने के बाद, भीड़ ने उनके घर में तोड़फोड़ की और उन्हें पीट-पीटकर मार डाला।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कृष्णनगर-ग्रामीण) उत्तम घोष ने बताया कि लड़के के परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या के सिलसिले में दंपति उत्पल और सोमा बिस्वास समेत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसी दंपति को पीट-पीट कर मार दिया गया था।
घोष ने बताया कि इस दम्पति के परिवार का एक सदस्य भीड़ के हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद कोलकाता के एक अस्पताल में जीवन के लिए संघर्ष कर रहा है।
इस बीच, दंपति को पीट-पीटकर मार डालने के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि उसकी पहचान सौम्यजीत बिस्वास के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार सौम्यजीत उन 200 लोगों में शामिल है जिनके नाम भीड़ द्वारा किए गए हमले के सिलसिले में दर्ज की गई प्राथमिकी में शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि लड़के की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि उसकी हत्या गमछे से गला घोंटकर की गई थी।
पुलिस ने बताया कि लड़के का शव पोस्टमार्टम के बाद शनिवार रात को ही उसके माता-पिता को सौंप दिया गया था, लेकिन शवगृह से मृत दंपति के शव को लेने वाला कोई नहीं था।
पुलिस का कहना है कि मृत लड़के के माता-पिता का बिस्वास परिवार के साथ पुराना विवाद था।
भाषा
राजकुमार नरेश
नरेश